Bihar
'बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं का हुआ अभूतपूर्व विस्तार', स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय का बड़ा बयान, कहा : लोगों का बढ़ा भरोसा
PATNA :बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। सरकार द्वारा उठाए गए व्यापक कदमों के कारण लोगों का भरोसा सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर लगातार बढ़ रहा है।
मंगल पाण्डेय ने बताया कि वर्ष 2006 से पहले राज्य में प्रत्येक माह औसतन 39 मरीज सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार के लिए आते थे लेकिन सरकार की निरंतर प्रयासों और स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के चलते यह संख्या अब प्रतिमाह औसतन 11,000 तक पहुंच गई है। यह परिवर्तन राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी और आम जन में बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।
मंगल पाण्डेय ने कहा कि राज्य में सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जनवरी 2024 में ओपीडी की औसतन प्रतीक्षा समय 72 मिनट थी, जो अब घटकर जनवरी 2025 में 36 मिनट हो गया है। सरकार के प्रयासों से लगातार सेवाओं को उन्नत बनाया जा रहा है, जिसके तहत जनवरी 2025 में ओपीडी में 23,93,177 मरीज आएं और सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
राज्य में दवाइयां वितरित करने की प्रतिशत में भी बढ़ोतरी हुई है। मई 2024 में जहां 69 प्रतिशत दवाइयां वितरित हुई थीं, वहीं जनवरी 2025 में ये आंकड़ा बढ़कर 83 प्रतिशत हो गया है। पैथोलॉजी परीक्षणों की संख्या में भी वृद्धि हुई है, जनवरी 2025 में 5,92,173 परीक्षण हुए हैं। पैथोलॉजी परीक्षणों का ओपीडी दौरे के हिसाब से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। एक्स-रे की संख्या भी बढ़ी है, जनवरी 2025 में 2,11,524 एक्स-रे किए गए हैं।
मंगल पाण्डेय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सभी नागरिकों को सुलभ, सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में राज्य सरकार ने चिकित्सा संसाधनों का विस्तार, अत्याधुनिक उपकरणों की आपूर्ति, डॉक्टरों की संख्या में वृद्धि और ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए अनेक पहल की हैं। सरकार आने वाले समय में भी स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि बिहार के हर नागरिक को उत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सके।
(पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट)
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।