BIG NEWS : पारसनाथ पहाड़ी में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में हथियार-गोला बारुद बरामद
गिरिडीह: इस वक्त की बड़ी खबर झारखंड के गिरिडीह से हैजहां पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा जमीन के अंदर छुपाकर रखे गए बड़ी मात्रा में हथियार,गोला-बारूद एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों को बरामद कर लिया है.
गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार और सीआरपीएफ 154बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर नक्सलियों के विरुद्ध एक संयुक्त अभियान की योजना बनाई गई. पुलिस अधीक्षक गिरिडीह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार, कुमार ओम प्रकाश सिंह (द्वितीय कमान अधिकारी, सीआरपीएफ 154 बटालियन) एवं सी.एच. तोम्बा सिंह (सहायक कमांडेंट, सीआरपीएफ 154 बटालियन) के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया. संयुक्त ऑपरेशन के तहत केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल एफ/154 बटालियन की समवाय एवं जिला पुलिस गिरिडीह की टीम द्वारा खुखरा थाना क्षेत्र से सटे पारसनाथ पहाड़ी के भालकी पहाड़ी, कानेडीह के समीप सघन तलाशी अभियान चलाया गया.
अभियान के दौरान BDDS टीम की सहायता से नक्सलियों द्वारा जमीन में गड्ढा खोदकर छुपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों को बरामद किया गया. बरामद सभी सामग्रियों को विधि सम्मत तरीके से जब्त कर लिया गया है तथा इस संबंध में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.