BIG NEWS : गढ़वा स्थित कस्तूरबा विद्यालय में 8 और छात्राएं बीमार, अभिभावकों ने किया हंगामा, DC ने स्कूल के कर्मियों को किया सेवा मुक्त
गढ़वा : जिले के खरौंधी प्रखंड स्थित कस्तूरबा गाँधी आवासीय विद्यालय में शुक्रवार देर शाम विशाक्त भोजन खाने एवं टंकी का गर्म पानी पीने के बाद एक सौ से अधिक छात्राएं बीमार हो गई थी. इसके बाद सभी बीमार बच्चियों को भवनाथपुर सामुदायिक अस्पताल मे भर्ती किया गया था जहां इलाज के बाद सभी अपने-अपने घर चली गई थी. आज पुनः शनिवार को इसी कस्तूरबा विद्यालय की 8 और छात्राएं बीमार हो गई. इससे गुस्साए अभिभावकों ने कस्तूरबा विद्यालय पहुंच कर विद्यालय के ग्रिल को तोड़ते हुए प्रवेश किए और जमकर हंगामा किया और माहौल को तनावपूर्ण बना दिया. इसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. इस बीच मौके की नजाकत को समझते हुए गढ़वा डीसी तत्काल खरौन्धी प्रखंड पहुंच कर मामले की जाँच की. इसमें विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही सामने आने के बाद डीसी ने सख्त कार्रवाई करते हुए कस्तूरबा विद्यालय में एक कर्मी को छोड़ सभी को सेवा मुक्त कर दिया. इसके बाद गढ़वा डीसी भवनाथपुर सामुदायिक अस्पताल पहुंच कर बीमार छात्राओं से मिले एवं उनका कुशल क्षेम पूछा.
इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए डीसी ने कहा कि शुक्रवार को रात में खरौन्धी कस्तूरबा की छात्राएं अचानक बीमार हो गई थी. तत्काल एसडीएम और अन्य पदाधिकारियों को राहत कार्य के लिए भेजा गया था. सभी छात्राओं का इलाज भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में किया गया है. आज भी कुछ छात्राएं बीमार हुई थी जिनका इलाज यहीं किया जा रहा है. सभी खतरे से बाहर हैं. मैंने खुद कस्तूरबा विद्यालय का निरीक्षण किया तथा इसमें विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है. मैंने तत्काल एक कर्मी को छोड़ कर शेष सभी कर्मियों को कार्यमुक्त कर दिया है और एसडीएम को निर्देश दिया है कि इसकी विस्तृत जाँच कर जाँच प्रतिवेदन दें.
विद्यालय में अभी कुछ बच्चियां हैं उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है. उन्होंने सख्त लहजे में कहा है कि चाहे जो भी हो उसे बख्शा नहीं जाएगा. वहीं अभिभावकों के हंगामा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि स्वभाविक है कि इस तरह की बातें आएगी तो अभिभावक थोड़ा उग्र होंगे लेकिन किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है.