BIG NEWS : केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जैसलमेर में 20 किलोवाट के एफ.एम. ट्रांसमीटर का VC के जरिए जयपुर से किया उद्घाटन
NEWS DESK : केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को आकाशवाणी जयपुर परिसर से जैसलमेर के रामगढ़ में 20 किलोवाट के एफ.एम. ट्रांसमीटर का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया. इसके साथ ही प्रदेश में एफ.एम. ट्रांसमीटरों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है. रामगढ़ ट्रांसमीटर से सीमांत क्षेत्र में लगभग 80 किलोमीटर की परिधि में रेडियो प्रसारण सुनिश्चित हो सकेगा. इससे लोगों को सूचना, शिक्षा तथा मनोरंजन के विविध कार्यक्रम सुनने को मिलेंगे.
इस अवसर पर वैष्णव ने अपने संबोधन में प्रसार भारती का स्वरूप बदलने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि तकनीक के इस युग में रेडियो प्रसारण की प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए “डिजिटल फर्स्ट” और “हाइपर लोकल” के मंत्र के साथ इस अभियान को आगे बढ़ाना होगा. उन्होंने सिस्टम के इस ट्रांसफॉर्मेशन के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को भी प्रसारण से जोड़ने की बात कही.
केंद्रीय मंत्री ने जयपुर में बनने वाले एआई डेटा सेंटर का जिक्र करते हुए इससे भविष्य की नींव बताया. उन्होंने प्रदेश में किए जा रहे रेलवे विकास का भी ब्यौरा दिया. वैष्णव ने कहा कि इस वर्ष बजट में रिकॉर्ड10हजार करोड़ रूपए का आवंटन किया गया है. केंद्रीय मंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए जा रहे विभिन्न शहरों के रेलवे स्टेशनों के पुर्नविकास कार्यों की भी जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि राज्य के छोटे-बड़े200रेलवे स्टेशनों के विकास और46का काम चल रहा है. इनमें से85बड़े स्टेशन हैं, जिन्हें भव्य रूप से पुनर्विकसित किया जा रहा है. ये स्टेशन जल्द ही तैयार हो जाएंगे. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य में10मल्टी मॉडल कॉर्गो टर्मिनल भी तैयार हो चुके हैं, वहीं6अन्य मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल का काम चल रहा है जबकि8और टर्मिनल की स्वीकृति दी गई है.
उन्होंने कहा कि कई नई रेल लाईनों की डबलिंग की जा रही हैं, वहीं कुछ स्थानों पर गेज परिवर्तन भी हो रहे हैं. कोविड के बाद46नई रेल सेवाएं शुरू की गई है.
अश्विनी वैष्णव ने प्रसार भारती के युवा अधिकारियों के साथ संवाद भी किया. कार्यक्रम को प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने भी संबोधित किया. उन्होंने आकाशवाणी और दूरदर्शन जैसी संस्थाओं के लिए कहा कि ये जड़ों से गहराई से जुड़ी हुई आवश्यक सेवाएं हैं. ये वस्तुस्थिति को समाज में व्यापक रूप तक पहुंचाती है. इसके बाद वैष्णव एमएनआईटी पहुंचे जहां उन्होंने तीन मैकर्स लैब, एआई, सेमीकंडक्टर और क्वांटम प्रयोगशाला का धर्मेश शुभारंभ किया.
आकाशवाणी जयपुर परिसर में इस समारोह से जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल वर्चुअल रूप से जुड़े. इस अवसर पर जयपुर में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, जयपुर सांसद मंजू शर्मा और आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन भी मौजूद रहे.
राजीव रंजन की रिपोर्ट--