Live

BIG NEWS

राज्यपाल संतोष गंगवार ने अपने कारकेड में वाहनों की संख्या घटाई, अब 4 वाहन रखने का फैसला

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अब अपने कारकेड में वाहनों की संख्या घटाकर मात्र 4 गाड़ियां रखने का निर्णय लिया है. साथ ही उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचने का आग्रह किया है.

राज्यपाल के ऑफिशियल अकाउंट X पर एक पोस्ट साझा किया गया, जिसमें लिखा था - माननीय प्रधानमंत्री के आह्वान पर ईंधन संरक्षण एवं संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के उद्देश्य से लोक भवन, झारखण्ड में मेरे द्वारा कारकेड में वाहनों की संख्या घटाकर मात्र 4 गाड़ियां रखने का निर्णय लिया गया है.

साथ ही मैं सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचने का आग्रह करता हूं. आइए, हम सभी ऊर्जा संरक्षण के इस जन-जागरूकता अभियान में सहभागी बनें.

दरसअल,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका-ईरान युद्ध से ईंधन सप्लाई पर पड़ रहे असर को लेकर रविवार को चिंता जताई थी. तेलंगाना में विकास कार्यों के शिलान्यास के बाद उन्होंने कहा था, ‘अभी पेट्रोल,डीजल,गैस जैसे पेट्रो उत्पादों का इस्तेमाल सिर्फ जरूरत के हिसाब से करें. इससे विदेशी मुद्रा बचेगी और युद्ध के असर को कम करने में भी मदद मिलेगी.’

नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीते दो महीने से हमारे पड़ोस में इतना बड़ा युद्ध चल रहा है. इसका भारत पर गंभीर असर हुआ है. हमारे पास बड़े-बड़े तेल के कुएं नहीं हैं. इसलिए अब देश को सर्वोपरि रखते हुए हमें एकजुट होकर लड़ना होगा. इसलिए पेट्रोल-डीजल का उपयोग किफायत से करें. जहां मेट्रो ट्रेन हो,वहां उन्हीं से सफर करें.

इसके साथ ही कार पूलिंग करें. सामान भेजने के लिए रेलवे गुड्स सर्विस का उपयोग करें. कोरोनाकाल की तरह वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग्स, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की आज फिर से जरूरत है. इसके अलावा, एक साल के लिए विदेश में शादियां करने, छुट्‌टी मनाने के लिए भी न जाएं. देशहित में हमें ये भी तय करना होगा कि सालभर तक घर में कोई भी कार्यक्रम हो, हम सोने के गहने नहीं खरीदेंगे. क्योंकि ऐसा करने से विदेशी मुद्रा बचेगी.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें