BIG BREAKING
मांझी के बेटे संतोष सुमन ने नीतीश कैबिनेट से दिया इस्तीफ़ा
पटना : इस वक़्त की बड़ी खबर सामने आ रही है सत्ता के गलियारे से कि पूर्व CM जीतन राम मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन ने नीतीश कैबिनेट से इस्तीफ़ा दे दिया है। अभी से थोड़ी देर पहले ही जीतन राम मांझी ने नीतीश कुमार के करीबी मंत्री विजय चौधरी से मुलाकात की थी। संतोष कुमार सुमन बिहार सरकार में अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण मंत्री थे।
आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार की सियासत रोजाना नये करवट ले रही है। सभी दल आगामी चुनाव के मद्देनजर सियासी गोटी फिट करने की जुगत में लग गये हैं। इसी कड़ी में हम संरक्षक जीतन राम मांझी भी लगातार नये चाल चल रहे हैं और सियासी गलियारे में लगातार सुर्खियां में बने हुए हैं।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने मंगलवार सुबह नीतीश सरकार में मंत्री विजय चौधरी से मुलाकात की है। इस मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि विजय चौधरी और जीतन राम मांझी की मुलाकात के दौरान कई मुद्दों पर बात हुई है। फिलहाल इस मुलाकात को सियासी हलकों में काफी अहम माना जा रहा है।
इस दौरान जीतन राम मांझी से ये पूछा गया कि बीजेपी कह रही है कि वे उनके पाले में आने वाले हैं तो जीतन राम मांझी ने शुक्रिया कहा। साथ ही ये भी कहा कि ऐसी कोई प्लानिंग नहीं है। सीटों को लेकर नाराजगी के सवाल पर मांझी ने कहा कि महागठबंधन में 7 दल हैं लिहाजा चुनाव नजदीक आने के बाद सभी मिल-बैठकर बातें करेंगे और मामले को सुलझाएंगे। गौरतलब है कि हम संरक्षक जीतन राम मांझी ने सोमवार को बड़ा बयान दिया था कि वे आगामी लोकसभा चुनाव में एक भी सीट पर चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। इस बयान के बाद आज विजय चौधरी से जीतन राम मांझी की मुलाकात हुई है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।