Bihar News : BIADA की लापरवाही से टूटा निवेशकों का भरोसा! 13 साल बाद भी नहीं मिला भूखंड, VIP ने सरकार को घेरा
पटना : विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता देव ज्योति ने बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट और उद्योग विभाग के स्पष्ट आदेशों के बावजूद उद्यमियों को न्याय नहीं मिल रहा, जिससे बिहार में निवेशकों का भरोसा कमजोर हो रहा है।
देव ज्योति ने बताया कि मेसर्स जय माता दी कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड को वर्ष 2012 में पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र, पटना में एक स्टार होटल परियोजना के लिए भूमि आवंटित की गई थी, लेकिन आज तक कंपनी को जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि आवंटित भूमि के एक हिस्से पर PHED का अवैध कब्जा होने के कारण BIADA न तो आवंटन पत्र जारी कर सका और न ही जमीन का हस्तांतरण कर पाया। इस मामले को लेकर पटना हाईकोर्ट और बिहार सरकार के उद्योग विभाग की अपीलीय प्राधिकरण में लंबी कानूनी प्रक्रिया चली।
देव ज्योति ने कहा कि 27 अगस्त 2021 को उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ने आदेश दिया था कि BIADA तीन महीने के भीतर जमीन का खाली कब्जा उपलब्ध कराए या समान क्षेत्रफल का वैकल्पिक भूखंड दे। इसके बावजूद अब तक न तो जमीन सौंपी गई और न ही वैकल्पिक भूखंड उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि इस देरी के कारण कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा है। साथ ही प्रस्तावित निवेश और रोजगार सृजन की योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
VIP प्रवक्ता ने कहा कि बिहार सरकार निवेश और उद्योग को बढ़ावा देने की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर अधिकारियों की उदासीनता निवेशकों के विश्वास को तोड़ रही है। उन्होंने उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर BIADA को आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
देव ज्योति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन उद्यमियों की समस्याओं के समाधान में तत्परता नहीं दिखाएंगे, तो बिहार में निवेश आकर्षित करना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन से भी इस मामले में हस्तक्षेप कर उद्यमियों के हितों की रक्षा करने की अपील की।
इस संबंध में देव ज्योति ने उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह को ज्ञापन भी सौंपा है।