भोजपुर : हजारों समर्थकों के साथ जेडीयू में शामिल हुए कद्दावर नेता कृष्ण बिहारी सिंह,नीतीश कुमार से हुए प्रभावित
भोजपुर: जिले के आरा शहर के धनुपरा स्थित एक रिसॉर्ट में जेडीयू की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा एवं प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत कई बड़े नेता शामिल हुए. इस आयोजन को लेकर जहां एक तरफ जेडीयू कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है,वहीं दूसरी तरफ भोजपुर जिले के कद्दावर नेता के तौर पर जाने जाने वाले लोक जनशक्ति पार्टी पारस गुट के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी सिंह उर्फ तेज नारायण यादव अपने हजारों समर्थकों के साथ जनता दल यूनाइटेड का दामन थाम लिए हैं.
सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ जेडीयू में शामिल होने पहुंचे कृष्ण बिहारी सिंह ने बताया कि उनकी नीतीश कुमार के प्रति बहुत पहले से गहरी आस्था है एवं वह उन्हें देश के सर्वोच्च नेता मानते हैं. मुलाकात के दौरान उनके द्वारा दल में शामिल होकर पार्टी के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने की अपील की गई थी. जिसके बाद उन्होंने उनसे प्रभावित होकर के जेडीयू के एक सिपाही यानी कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी में शामिल होकर नीतीश कुमार के किए गए कार्यों को आगे बढ़ने का फैसला लिया और जेडीयू में शामिल होने का मन बनाया. सदस्यता ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी पालन करने का संकल्प लिया. नीतीश कुमार द्वारा किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे.
आरा से संवाददाता विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट