Live

BIHAR POLITICS

भाजपा कार्यालय में CM सम्राट चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं संग सुनी 'मन की बात', बिहार म्यूजियम की वैश्विक उपलब्धि पर जताया गर्व

D
Deepak Kumarलेखक

पटना:बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 140वां संस्करण सुना। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देश की सामूहिक चेतना, जनभागीदारी, नवाचार और सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम बन चुका है।

दुनिया के 100 म्यूजियम में बिहार म्यूजियम को नौवां स्थान

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 'मन की बात' में पटना स्थित बिहार म्यूजियम की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि का उल्लेख करना प्रत्येक बिहारवासी के लिए गर्व और सम्मान की बात है।उन्होंने बताया कि दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की सूची में बिहार म्यूजियम को नौवां स्थान और एशिया में पहला स्थान प्राप्त होना राज्य की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, कला, संस्कृति और सभ्यतागत पहचान का वैश्विक सम्मान है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहार म्यूजियम की चर्चा के साथ पेरिस के प्रसिद्ध लूव्र म्यूजियम और न्यूयॉर्क के द मेट म्यूजियम का भी उल्लेख किया। साथ ही वडनगर के म्यूजियम की सराहना करते हुए लोगों से देश के विभिन्न संग्रहालयों को देखने और उनके इतिहास को जानने की अपील की।

नशे के खिलाफ युवाओं की भागीदारी पर जोर

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता और नशामुक्त युवा अभियान के प्रयासों का उल्लेख किया। संजय सरावगी ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, समाज और प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का इस्तेमाल राष्ट्र निर्माण में होना चाहिए।

स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल सराहनीय

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारतीय गुड़, चॉकलेट और गुजरात के कच्छ के ऊंट के दूध जैसे स्थानीय उत्पादों की चर्चा कर पारंपरिक संपदा और आधुनिक नवाचार के बेहतर समन्वय का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को नई तकनीक और प्रयोगों के माध्यम से वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास किसानों, महिलाओं, कारीगरों और युवा उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा कर सकता है। आत्मनिर्भर भारत का संकल्प स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने से ही साकार होगा।

अटल सभागार में जुटे भाजपा के वरिष्ठ नेता

इस अवसर पर संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसानिया, केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, बिहार सरकार के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल और रामकृपाल यादव, विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया सहित कई विधायक, विधान पार्षद, प्रदेश पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अंत में संजय सरावगी ने बिहार म्यूजियम की उपलब्धि को 'मन की बात' में स्थान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जनभागीदारी को मजबूत करने के लिए संकल्पित हैं।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें