Hindi News / बाबा अजगैबीनाथ धाम में श्रावणी मेले की तैयारी जोरों पर,लाखों कांवरियों को मिलेगी...

भागलपुर : बाबा अजगैबीनाथ धाम में श्रावणी मेले की तैयारी जोरों पर,लाखों कांवरियों को मिलेगी धक्का-मुक्की से राहत

Edited By:  |
bhagalpur

भागलपुर:सुलतानगंज में बाबा अजगैबीनाथ धाम में श्रावणी मेले की तैयारी जोर शोर से चल रही है. इस बार श्रद्धालुओं को जलार्पण के लिए लंबी प्रतीक्षा और धक्का-मुक्की से काफी हद तक राहत मिलने वाली है. लाखों कांवरियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पहली बार मंदिर के गर्भगृह में आधुनिक तांबे का अर्घा सिस्टम स्थापित किया जायेगा.

बाबा अजगैबीनाथ धाम में अधिकारियों ने मंदिर परिसर पहुंचकर प्रस्तावित अर्घा सिस्टम के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया. दरअसल, हाल ही में भागलपुर जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने श्रावणी मेला की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया था. उस दौरान उन्होंने मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जलार्पण व्यवस्था को अधिक वैज्ञानिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अर्घा सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिया थे.

मंदिर के गर्भगृह मेंकरीब साढ़े चार फीट ऊंची स्टील संरचना तैयार की जाएगी

डीएम के निर्देश के अनुपालन में अब मंदिर के गर्भगृह मेंकरीब साढ़े चार फीट ऊंची स्टील संरचना तैयार की जाएगी,जिस पर तांबे का विशेष अर्घा सिस्टम लगाया जाएगा. सदर एसडीओ, सिटी एसपी, डीएसपी ने पूरे मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने मेला क्षेत्र के पाकिंग स्थल,पुलिस आवासन स्थल,चेकपोस्ट, कांवारिया पथ सहित सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं. लक्ष्य है कि 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेला से पहले नई व्यवस्था पूरी तरह तैयार हो जाए. मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन, प्रवेश निकास व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आवाजाही को भी नए सिरे से व्यवस्थित किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान मंदिर के स्थानापति महंत प्रेमानंद गिरि भी मौजूद रहे.

अजगैबीनाथघाट पर बढ़ी सुरक्षा

सुलतानगंज. सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित मेला बनाने की दिशा में नगर परिषद ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है. अजगैबीनाथ मंदिर घाट पर लगे हाईमास्ट लाइट के पोल को करीब आठ फीट विशेष फाइबर इंसुलेटर से कवर कर दिया गया है. इससे गंगा का जलस्तर बढ़ने या बरसात के दौरान भी करंट की आशंका नहीं रहेगी और श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में गंगास्नान एवं जलभराव असुविधा नहीं होगी.

कांवरियों की सुविधा से जुड़े हर कार्य युद्धस्तर पर जारी

सिटी एसपी ने अधिकारी के साथ अजगैबीनाथ मंदिर घाट और मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले कांवरियों की सुविधा से जुड़े हर कार्य को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए.