Jharkhand News
बंद पड़े पत्थर खदान से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक बंद पड़े पत्थर खदान से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव साप्ताहिक बाजार के पास स्थित खदान में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही नवलशाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
कुत्ते को शव नोचते देख लोगों ने पुलिस को दी सूचना
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम कुछ लोग साप्ताहिक बाजार करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पास के बंद पड़े पत्थर खदान पर पड़ी, जहां एक कुत्ता शव को नोच रहा था। यह दृश्य देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नवलशाही थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुमन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
थाने में किसी की गुमशुदगी की शिकायत नहीं
थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि फिलहाल थाने में किसी व्यक्ति के लापता होने की शिकायत दर्ज नहीं है। पुलिस मृतक की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, खदान काफी लंबे समय से बंद पड़ा है। इसके बावजूद खदान की घेराबंदी नहीं की गई है, जिससे यहां हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है।
हत्या कर शव फेंकने की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी। लोगों ने हत्या कर शव को खदान में फेंके जाने की आशंका भी जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। वहीं नवलशाही थाना पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।