Live

Jharkhand News

बालू माफियाओं के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पुलिस को भी खदेड़ा! 100 से ज्यादा ट्रैक्टरों की आवाजाही से दहशत

D
Deepak Kumarलेखक

चाईबासा:पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर ओपी क्षेत्र के रोलाडीह गांव में अवैध बालू परिवहन को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। गांव की सड़क से बालू लदे ट्रैक्टरों की लगातार आवाजाही से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही रोकने के लिए लगाए गए बैरियर को तोड़ दिया गया और विरोध करने पर धमकियां दी गईं। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर पहुंची पुलिस को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने पुलिस पर बालू कारोबारियों का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए उसे गांव से बाहर खदेड़ दिया।इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

बैरियर तोड़ने के आरोप के बाद भड़का विवाद

ग्रामीणों के अनुसार,रोलाडीह गांव की सड़क से दिन-रात बालू लदे ट्रैक्टर गुजरते हैं। इससे बच्चों,बुजुर्गों और आम राहगीरों की सुरक्षा को लेकर लगातार खतरा बना रहता है। इसी परेशानी को देखते हुए ग्रामीणों ने गांव में ट्रैक्टरों की आवाजाही रोकने के लिए बैरियर लगाया था।आरोप है कि बालू लदे एक ट्रैक्टर ने बैरियर तोड़ दिया। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया,तो उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और मारपीट की कोशिश की गई।

पुलिस पर बालू कारोबारियों का पक्ष लेने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कई बार थाने में शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती गई। ग्रामीणों ने पुलिस पर भी बालू कारोबारियों का पक्ष लेने का आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।

बच्चों की सुरक्षा पर खतरा,हादसे की आशंका

ग्रामीणों के मुताबिक,गांव की सड़क से प्रतिदिन100से अधिक ट्रैक्टर गुजरते हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को सड़क पर भेजने में भी डर लगता है और बुजुर्गों तथा राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है।

NGTकी रोक के दौरान भी परिवहन जारी रहने का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT)की रोक के दौरान भी इलाके में बालू लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही जारी रही। उनका दावा है कि रोक हटने के बाद चाईबासा-तांतनगर मुख्य सड़क पर ऐसे वाहनों की संख्या और बढ़ गई है।

ओपी प्रभारी ने कार्रवाई का दिया भरोसा

ग्रामीणों के विरोध के बीच मौके पर मौजूद तांतनगर ओपी प्रभारी अरविंद कुमार कुशवाहा ने आश्वासन दिया कि रोलाडीह गांव से होकर ट्रैक्टरों की आवाजाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नियमों का उल्लंघन कर ट्रैक्टर चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें