Live

बड़ी सफलता

खूंटी पुलिस ने PLFI के 2 सक्रिय सदस्यों को हथियार के साथ किया गिरफ्तार

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

खूंटी : बड़ी खबर खूंटी से है जहां प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के 2 सक्रिय सदस्यों को सायको थाना पुलिस की टीम ने जंगल से दबोच लिया है. पुलिस ने गिरफ्तार पीएलएफआई सदस्यों के पास से देसी कट्टा,4 जिंदा गोली,पीएलएफआई उग्रवादी संगठन का पर्चा और एक मोबाइल बरामद किया है.

मामले में खूंटी एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि खूंटी के वरीय पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि सायको थाना क्षेत्र के जिवरी जंगल में अवैध हथियार और गोलियों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने के लिए कुछ अपराधी योजना बना रहे हैं. गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ वरुण रजक के नेतृत्व में सायको थाना की पुलिस की छापेमारी टीम का गठन किया गया और सूचना वाले जंगल की ओर पुलिस ने सघन अभियान चलाया.

17 दिन पूर्व सायको बाजार में मुरहू थाना क्षेत्र के एक व्यापारी से उग्रवादी संगठन पीएलएफआई का पर्चा देकर 4 लाख रुपए रंगदारी की मांग की थी. संबंधित मामले में मुरहू व्यापारी ने 11 अप्रैल को सायको थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मामला दर्ज कराने के मात्र 17 दिन बाद सायको पुलिस की 9 सदस्यीय टीम ने एसडीपीओ के नेतृत्व में 2 पीएलएफआई के सक्रिय सदस्यों को जिवरी करकरी नदी के किनारे जंगल से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार उग्रवादियों में सायको थाना क्षेत्र के रुगड़ी गांव का 26 वर्षीय सोमलाल महली और अड़की थाना क्षेत्र के मरांगबुरू गांव का 25 वर्षीय साड़ मुंडा शामिल है.

पुलिस ने दोनों सक्रिय उग्रवादियों के पास से एक देसी कट्टा,4 गोलियां,पीएलएफआई का पर्चा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. गिरफ्तार उग्रवादियों सोमलाल महली का सायको थाना में 17 सीएलए एवं बीएनएस की धारा के तहत एफआईआर दर्ज था.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें