बड़ी सफलता : सरायकेला पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे 6 शातिर अपराधियों को हथियार के साथ दबोचा
सरायकेला : बड़ी खबर सरायकेला से है जहां पुलिस ने पुलिस ने चौका थाना क्षेत्र में बड़ी डकैती की योजना बना रहे 6 शातिर अपराधियों को हथियार और लूटे गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया है.
बताया जा रहा है कि एसपी मनोज स्वर्गायारी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मटकमडीह, टोला चुटियाखाल स्थित बंद पड़े नव प्राथमिक विद्यालय, बरियाबेड़ा में छापेमारी कर सभी 6 आरोपियों को दबोचा. पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल, एक जिंदा गोली, चाकू, दाउली, हथौड़ी, तीन मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है.
मामले में एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधी बंद पड़े विद्यालय परिसर में एकत्रित होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने मौके पर घेराबंदी कर 6 अपराधियों को पकड़ा. पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है.
जमशेदपुर से बिनोद केसरी की रिपोर्ट--