औरंगाबाद : पप्पू यादव पर हमले के विरोध में उग्र प्रदर्शन,केंद्र सरकार और गृह मंत्री का फूंका पुतला
औरंगाबाद:पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुए कथित हमले के विरोध में समर्थकों का गुस्सा आज सड़कों पर फूट पड़ा. शहर में विरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार, केंद्रीय गृह मंत्री और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने रमेश चौक पर पुतला दहन कर घटना की कड़ी निंदा की.
औरंगाबाद के गांधी मैदान से शुरू हुआ विरोध मार्च शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए रमेश चौक पहुंचा. इस दौरान पप्पू यादव के समर्थकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए और सांसद की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए. प्रदर्शन के अंत में केंद्रीय गृह मंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया गया.
प्रदर्शन में शामिल देव प्रखंड के दुलारे पंचायत के मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष विजेंद्र यादव ने कहा कि एक सांसद पर खुलेआम हमला होना लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा तक सुनिश्चित नहीं हो पा रही है. विजेंद्र यादव ने कहा कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी हो और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए. साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं.