Live

JHARKHAND CRIME

ATM कार्ड फंसाकर ठगी करने वाले बिहार के दो युवक गिरफ्तार, ज्वेलरी और चप्पल की दुकानों से की खरीदारी

D
Deepak Kumarलेखक

धनबाद:झारखंड के धनबाद में एटीएम कार्ड फंसाकर लोगों से ठगी करने वाले बिहार के दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी एटीएम मशीन में कार्ड फंसने का फायदा उठाकर कार्डधारकों का पिन हासिल करते थे और फिर उनके कार्ड से रुपये निकालने के साथ दुकानों में खरीदारी करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिटी एसपी ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।

नवादा के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के नवादा जिले के लखमोहना निवासी नितीश कुमार और नवादा न्यू एरिया निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर कार्डधारकों को निशाना बनाते थे।

ATMमें कार्ड फंसने पर बनाते थे शिकार

पुलिस के मुताबिक, 27अक्टूबर की शाम सीटी सेंटर के पास एटीएम से ठगी करने के आरोप में दोनों युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया था। सूचना मिलने पर धनबाद थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वह बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। पीछे खड़े एक युवक ने उन्हें दोबारा पिन डालने को कहा और इस दौरान उनका गुप्त पिन देख लिया।

इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता को एक हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने की सलाह दी। फिर उन्हें पेट्रोल पंप के पास भेजकर एटीएम कार्ड लेकर फरार हो गए।

खाते से15हजार रुपये कटे,दुकानों में भी की खरीदारी

कुछ देर बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल पर खाते से15 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। इसके बाद रानी सती ज्वेलर्स से32,800रुपये और बाटा इंडिया की दुकान से2,000 रुपये की खरीदारी होने के संदेश भी मिले।

लेनदेन की जानकारी मिलने के बाद शिकायतकर्ता अपने परिचितों के साथ संबंधित दुकानों पर पहुंचे। इसी दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।

बिहार और झारखंड के कई शहरों में ठगी की बात कबूली

पुलिस के अनुसार,पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बिहार और झारखंड के विभिन्न शहरों में इसी तरीके से ठगी करने की बात बताई है। उनके पास से बाटा कंपनी की तीन जोड़ी चप्पल बरामद की गई हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नितीश कुमार के खिलाफ देवघर साइबर क्राइम थाना में वर्ष2023का एक मामला दर्ज है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

धनबाद पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर ठगी के अन्य मामलों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया है और ठगी की रकम का इस्तेमाल कहां किया गया।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम में कार्ड फंसने पर किसी अनजान व्यक्ति के बताए नंबर पर फोन न करें और अपना पिन किसी के साथ साझा न करें। जरूरत पड़ने पर संबंधित बैंक की आधिकारिक हेल्पलाइन या शाखा से संपर्क करें।

धनबाद से कुंदन विश्वकर्मा की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें