JHARKHAND NEWS
अर्जुन सिंह ने विधिवत झारखंड भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष के रुप में संभाला कार्यभार
रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित सभागार में किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह का पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान अर्जुन सिंह ने विधिवत किसान मोर्चा के अध्यक्ष के रुप में कार्यभार संभाला. कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई.
पदभार ग्रहण सह अभिनंदन समारोह को सम्बोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने अर्जुन सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपके नेतृत्व में किसान मोर्चा और मजबूत और सशक्त होगी,इस बात का पूरा भरोसा है. उन्होंने कहा कि जब किसान विकसित होगा तभी भारत विकसित होगा. जब किसान आत्मनिर्भर होगा तभी भारत आत्मनिर्भर होगा. उन्होंने किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि पार्टी को मजबूत करने हेतु हम सब को पार्टी के अधिवक्ता के रूप में काम करना चाहिए और पार्टी के पक्ष को अच्छी तरह से जनता के बीच रखना चाहिए.
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने नारा दिया था जय जवान,जय किसान. उसके बाद अटल बिहारी बाजपेयी ने नारा दिया कि जय जवान,जय किसान और जय विज्ञान और जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने नारा दिया कि जय जवान,जय किसान,जय विज्ञान और जय अनुसंधान. कृषि के क्षेत्र में आज उन्नत खेती और उपज प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान की बहुत जरूरत है. भाजपा के शासनकाल में सदैव किसानों के हित में अनेक योजनायें बनाई गई.
उन्होंने मोर्चा के अध्यक्ष से2029के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य में रखकर काम करने और राज्य के किसानों के हित की लड़ाई लड़ते हुए अधिक से अधिक संख्या में उन्हें अपने साथ जोड़ने की बात कही.
वहीं नवनियुक्त अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने झारखंड राज्य में गठित किसान मोर्चा की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा किसान मोर्चा किसानों के हक और अधिकार को लेकर हमेशा आवाज उठाते रहा है. आज पार्टी ने जो विश्वास उन पर व्यक्त किया है उसके लिए वे आभार प्रकट करते हुए पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का वे पूरा प्रयास करेंगे.
उन्होंने कहा कि किसानों की कोई जाति नहीं होती है,इस देश में हर नागरिक किसान है. सबसे ज्यादा मेहनत हम किसान मोर्चा को करना होगा. किसान मोर्चा प्रदेश स्तर से लेकर हर बूथ तक पहुंचेगा और किसान मोर्चा को पहले से और अधिक मजबूत करना पहली प्राथमिकता है.
उन्होंने राज्य की हेमन्त सरकार के द्वारा चुनाव के वक्त किये गये वादे को याद करते हुए कहा कि सरकार ने274रु. प्रति किलो यूरिया उपलब्ध कराने का वादा किया था लेकिन किसानों को आज1200रु प्रति किलो यूरिया मिल रहा है, 3200रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदने का वादा था लेकिन खरीद हो रही है2400रु प्रति क्विंटल. राज्य सरकार की इस वादाखिलाफी के ख़िलाफ़ किसान मोर्चा आंदोलन तेज करेगा.
प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि निश्चित रुप से किसान मोर्चा के द्वारा जो मजबूत नींव खड़ा किया गया है उस पर अर्जुन सिंह एक मजबूत इमारत खड़ा करेंगे जो किसानों के हित में काम करेगी. हमारी सरकार ने झारखंड में किसानों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं बनाई थी.
उन्होंने प्रदेश किसान मोर्चा से आह्वान करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के लिए जितनी भी केंद्रीय योजनाओं को लागू किया है उसकी जानकारी प्रदेश के किसानों को आप अवश्य दें. अर्जुन सिंह के हाथों को सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर मजबूत करना होगा तभी उनकी देखरेख में किसान मोर्चा सफल होगा.
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि अर्जुन सिंह काफी अनुभवी हैं. उन्होंने कई वर्षों से लगातार काम किया है. उस अनुभव का उपयोग करते हुए किसान मोर्चा को सफल बनाने के लिए ये उचित निर्णय लेंगे. पूरे देश के अर्थव्यवस्था का भार किसानों पर ही होता है. किसान मोर्चा गेट वे ऑफ पार्टी होती है. वर्तमान किसान विरोधी सरकार के द्वारा भाजपा सरकार के द्वारा शुरू किया गया किसान निधि योजना का समाप्त कर दिया गया. नव नियुक्त अध्यक्ष के नेतृत्व में राज्य की किसान विरोधी सरकार के खिलाफ पुरजोर आवाज बुलंद कर किसानों के हित की लड़ाई पूरी मजबूती से मोर्चा लड़ेगा,ऐसा पूरा विश्वास है.
प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने अर्जुन सिंह के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन्होंने जिला से लेकर मंडल तक संगठन में सेवा दी है. प्रवास के माध्यम से संगठन को गढ़ने का काम किया है. मन समर्पित,तन समर्पित की भावना से काम किया है. यह देश किसानों का है,उसी प्रकार यह राज्य भी किसानों का है. अर्जुन सिंह संगठन के माध्यम से किसानों को मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने हेतु एक धारदार संगठन बनाकर काम करेंगे,यह उम्मीद करते हैं.
किसान मोर्चा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू ने कहा कि किसान मोर्चा संगठन का एक अहम मोर्चा होता है. अगर यह मोर्चा मजबूत होगा तो पूरा संगठन मजबूत होगा. पंचायत तक संगठन को ले जाना है. राज्य सरकार के द्वारा यहां के किसानों की हमेशा ठगने का काम किया जाता है. यह टीम सशक्त बनेगा और इस टीम के द्वारा किसानों की सब्जी समस्या का समाधान करने की पूरी कोशिश होगी.
कार्यक्रम का मंच संचालन विक्रांत उपाध्याय ने किया. जबकि धन्यवाद ज्ञापन अजय मुंडा ने किया.
जबकि कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय,प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा,अमर कुमार बाउरी,मनोज सिंह,प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव,बजरंगी प्रसाद यादव,निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू,राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य अशोक सिंह,राजेश कुशवाहा,ऋषिकेश राणा,राजीव शाहदेव,बिनोद ठाकुर सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे.
रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।