अपराध नियंत्रण पर प्रशासन सख्त : सहरसा मंडल कारा में छापा,डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण
सहरसा:जिलेमें नई सरकार गठन के बाद अपराध नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन एक्शन मोड में है. इसी कड़ी में मंडल कारा में जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक हिमांशु के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ घंटों सघन छापेमारी की गई. हालांकि, इस छापेमारी के दौरान किसी तरह का कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है, लेकिन प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.
रूटीन प्रक्रिया के तहत छापेमारी
पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने बताया कि रूटीन प्रक्रिया के तहत छापेमारी की गई है. इसका मुख्य उद्देश्य जेल के अंदर किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना है.उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई बेहद जरूरी है और प्रशासन इस दिशा में लगातार काम कर रहा है.
आपत्तिजनक गतिविधि पर रोक लगाना मंशा
जिला प्रशासन द्वारा डीएम और मेरे नेतृत्व में एसडीओ, एसडीपीओ, मजिस्ट्रेट और पुलिस बल के साथ मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया गया. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जेल के अंदर किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि न हो. यह अपराध नियंत्रण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है.
विभिन्न वार्डों की हुई गहन तलाशी
इस औचक छापेमारी में एसडीओ श्रेयांश तिवारी, सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, साइबर डीएसपी अजीत कुमार और सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे. टीम ने जेल के विभिन्न वार्डों और बैरकों का बारीकी से निरीक्षण किया.