मधुबनी में अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का खुलासा : विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 4 आरोपी गिरफ्तार,63 पासपोर्ट जब्त
मधुबनी पुलिस ने विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को ठगने वाले एक अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने घोघरडीहा इलाके से गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अलग-अलग राज्यों के लोगों के 63 पासपोर्ट बरामद किए गए हैं। बरामद पासपोर्ट को जांच के लिए पटना भेजा गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य युवाओं को विदेश में आकर्षक नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। इसके बाद उन्हें करीब दो लाख रुपये प्रति व्यक्ति लेकर टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेजा जाता था। जांच में गिरोह के तार रूस और खाड़ी देशों से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। पूछताछ में पटना, दिल्ली और कानपुर में सक्रिय एजेंटों के बारे में भी जानकारी मिली है। इन एजेंटों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस को आशंका है कि विदेश भेजे जा रहे युवाओं का इस्तेमाल सिर्फ अवैध तरीके से रोजगार दिलाने के लिए नहीं, बल्कि रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े खतरनाक नेटवर्क या साइबर अपराध में भी किया जा सकता था। हालांकि इस आशंका की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच जारी है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आईबी समेत कई जांच एजेंसियां भी पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हैं। जब्त किए गए 63 पासपोर्ट के जरिए पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कितने लोगों को विदेश भेजा गया और इस सिंडिकेट का नेटवर्क बिहार से बाहर किन-किन राज्यों और देशों तक फैला हुआ है।पुलिस अब गिरोह के मास्टरमाइंड और विदेश में सक्रिय संपर्कों की पहचान करने में जुटी है।