Bihar Politics
आनंद मोहन होंगे JDU में शामिल!, पत्नी और बेटे के साथ थामेंगे नीतीश की पार्टी का दामन!, जानिए कब होगी एंट्री
PATNA :बिहार के पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन अब नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू का दामन थामेंगे। आनंद मोहन के साथ-साथ उनकी पत्नी लवली आनंद और छोटे बेटे की भी जेडीयू में एंट्री होगी।
जेडीयू में शामिल होंगे आनंद मोहन
सूत्रों के मुताबिक बाहुबली नेता आनंद मोहन और उनका पूरा परिवार दुर्गापूजा के बाद जनता दल यूनाइटेड में शामिल हो जाएगा। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही आनंद मोहन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सीएम हाउस में ही मुलाकात की थी, जिसके बाद से ही इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि आनंद मोहन की जेडीयू में एंट्री होगी। आरजेडी सांसद मनोज झा के राज्यसभा में की गई ठाकुरों वाली टिप्पणी पर विवाद के बाद सीएम नीतीश और आनंद मोहन की यह पहली मुलाकात थी।
गरमाया था ठाकुर vs ब्राह्मण का मुद्दा
विदित है कि बीते दिनों बिहार में ठाकुर vs ब्राह्मण का मुद्दा काफी छाया रहा था। राज्यसभा में आरजेडी सांसद मनोज झा के भाषण के बाद ठाकुर से संबंधित कविता को लेकर आनंद मोहन और उनके आरजेडी विधायक बेटे चेतन आनंद ने प्रतिकार किया था और जोर-शोर से इस मामले को उठाया था। इस दौरान बिहार की ठाकुर बिरादरी के नेताओं का भी उन्हें साथ मिला था लेकिन बढ़ते बवाल के बाद आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने खुलकर पार्टी सांसद मनोज झा का समर्थन किया था और उन्हें विद्वान शख्स करार दिया था।
जेल नियमावली में बदलाव के बाद हुए थे रिहाई
गौरतलब है कि नीतीश सरकार ने इसी साल जेल नियमावली में बदलाव कर आनंद मोहन की जेल से रिहाई का रास्ता साफ कराया था। गोपालगंज के डीएम रहे जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में आनंद मोहन को आजीवन कारावास हुआ था। समय से पहले हुई रिहाई पर सियासी हंगामा भी हुआ। रिहाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगी हुई है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।