अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा : जिला प्रशासन ने निकाली बाइक रैली, हर-घर तिरंगा अभियान को लेकर लोगों को किया जागरुक
पाकुड़: आजादी के 75 वीं वर्षगांठ पर देशभर में मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए उप विकास आयुक्त मो० शाहिद अख्तर एवं जिला प्रशासन के सभी पदाधिकारियों ने शुक्रवार को बुलेट पर बैठकर हेलमेट लगाकर हर घर तिरंगा अभियान की जागरूकता रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया.
दरअसल देशभर में मनाये जा रहे हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जिला प्रशासन लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है,जिससे सभी लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगा कर तिरंगे के प्रति गहरा जुड़ाव और सम्मान पैदा करना. बाइक रैली में खुद उप विकास आयुक्त आगे चल रहे थे. उनके पीछे जिला प्रशासन के सभी अधिकारी सहित पुलिस के अधिकारी एवं जवान भी मोटरसाइकिलों से चल रहे थे. रैली का आयोजन समाहरणालय परिसर से रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम तक किया गया.
वहीं उप विकास आयुक्त मो० शाहिद अख्तर ने बताया कि आगामी दिनों में घर-घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अलग-अलग तरीकों से जागरूकता अभियान चलाकर जिलेवासियों को 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करने का कार्य किया जा रहा है.
}