Live

अमित शाह पर भड़के ललन सिंह

कहा- 2024 में बिहार से शुरू होगा बीजेपी मुक्त भारत का अभियान

R
ROSHAN KUMAR JHAलेखक

PATNA : अमित शाह की रैली पर जदयू के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने बड़ा बयान दिया है। ललन सिंह ने कहा कि बिहार में जंगलराज नहीं बल्कि मंगल राज है। पत्रकारों से बात करते हुए ललन सिंह ने कहा कि मैं देश के गृह मंत्री अमित शाह से कहता हूं रात के 2 बजे सिविल ड्रेस में बिना किसी को बताए हुए आप गृह मंत्री हैं, बिहार के किसी भी कोने से निकलिए और जहां मन हो वहां जाइए। अगर आपको कोई रास्ते में रोक-टोक करें तो मैं मान लूंगा कि बिहार में जंगलराज है। बीजेपी कोनो सर्टिफिकेट देने वाली कंपनी है जो हमें बताएगी कि यहां जंगलराज है।

ललन सिंह ने कहा कि अमित शाह की रैली को लेकर भाजपा वाले कई दिनों से प्रचार प्रसार कर रहे थे। हमें भी लगा कि वह आएंगे तो बिहार को कुछ देंगे, लेकिन यहां तो खोदा पहाड़ निकली चुहिया। ललन सिंह बोले कि अमित शाह ने आज पूर्णिया की रैली में कहा कि बिहार परिवर्तन की धरती है। मैं भी उनका समर्थन करता हूं और कहता हूं कि 2024 के चुनाव में बीजेपी मुक्त भारत बनाने का जो अभियान चलेगा उसका शुभारंभ बिहार की पावन धरती से ही किया जाएगा।

बताते चले कि अमित शाह ने आज पूर्णिया में ललन सिंह पर तंज़ करते हुए कहा कि एगो नए नए नेता बने हैं ललन सिंह। सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा 2014 में भी नीतीश कुमार ने हम लोगों का साथ छोड़ा था। परिणाम स्वरूप उनको सिर्फ दो लोकसभा सीटों पर जीत मिली। ना घर के रहे ना घाट के। 2024 का चुनाव आने दीजिए सब कुछ पता चल जाएगा। इस बार भी बिहार की जनता उन्हें जबरदस्त जवाब देगी। साल 2024 और 2025 में भारी बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें