JHARKHAND CRIME
आदित्यपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर लगा हत्या का आरोप
विवाहिता का शव लेकर ससुराल पहुंचे परिजन,जमकर काटा बवाल
सरायकेलाःआदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतवाहनी में रहने वाली नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद भारी हंगामा मच गया। मृतका के मायके वालों ने पति मनीष शर्मा,सास और देवर पर योजनाबद्ध तरीके से पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मंगलवार को परिजन शव लेकर सीधे आरोपी पति के अपार्टमेंट पहुंचे और न्याय की मांग करते हुए जमकर बवाल काटा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
कुछ महीने पहले ही किया था प्रेम विवाह
परिजनों के अनुसार,पिंकी ने कुछ महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था। मृतका की बड़ी मां तारा देवी ने बताया कि ससुराल वाले लगातार पिंकी को प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने कहा,घटना से पहले सास फोन कर धमकी देती थी कि बेटी कूद जाएगी तो क्या कीजिएगा?शनिवार को बेटी से बात कराने के बजाय टालमटोल किया गया। बाद में दामाद ने फोन कर कहा कि पिंकी ने कांड कर दिया और वह छत से कूद गई है।
ससुराल वालों पर लगा बेरहमी से मारपीट का आरोप
तारा देवी ने दावा किया कि पिंकी की हत्या की गई है। उन्होंने कहा,अपार्टमेंट के गार्ड ने बताया कि सास उसे घसीट-घसीटकर पीट रही थी। उसके शरीर, छाती और पेट पर रॉड और लातों से बेरहमी से वार किए गए थे,हाथ तोड़ दिए गए थे और गला घोंटा गया था। उन्होंने बताया कि वह गर्भवती थी।
जांच में जुटी एमजीएम थाना की पुलिस
मृतका के परिजन निशांत ने बताया कि शनिवार को ससुराल वालों ने झगड़ा कर पिंकी को बुरी तरह पीटा और बिना सूचना दिए कार में डालकर ले गए। बाद में उसे एमजीएम और फिर रांची रिम्स ले जाया गया,जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत देकर दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
सरायकेला से विजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।