Live

एक्शन में दिखे बिहार DGP

अचानक पहुंचे हाजीपुर नगर थाना तो मचा हड़कंप, जानें डिटेल्स

A
ASHISH KUMARलेखक

हाजीपुर : बिहार की कानून व्‍यवस्‍था पर आए दिन हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर विपक्ष ही नहीं बल्कि सत्‍ता पक्ष भी सवाल खड़े कर रहा है। इसे लेकर CM नीतीश कुमार ने सख्‍ती दिखाई है। सभी अधिकारियों को गश्‍ती बढ़ाने, अपराधियों पर नकेल कसने की हिदायत दी है। वहीँ इसका असर भी दिखने लगा है। अब बिहार पुलिस के सबसे बड़े अधिकारी यानी DGP एसके सिंघल सड़कों पर निकल रहे हैं। शनिवार देर रात वे पटना से निकले तो सीधे हाजीपुर पहुंच गए। वहां पुलिस की चौकसी का हाल जाना।

DGP एसके सिंघल ने नगर थाना के निरीक्षण के दौरान थाना के बाहर मौजूद महिला कर्मी से बातचीत की और थाने के आसपास के इलाकों का मुआयना किया। उन्होंने महिला आरक्षी से उनको मिलने वाली सुविधा उनके रहन-सहन सहित तमाम बातों की जानकारी ली। साथ में वैशाली SP मनीष को इससे संबंधित निर्देश देते रहे। थाने के इर्द-गिर्द के सभी इलाकों का निरीक्षण करने के बाद DGP ने साफ-सफाई और निर्माण के संदर्भ में निर्देश दिया। इसके बाद में थाने के अंदर पहुंचे। जहां महिला हाजत को देखकर उन्होंने उसको जल्द से जल्द ठीक करवाने का आदेश दिया। साथ ही थाना परिसर में लगे CCTV कैमरे के बारे में पूछताछ की।

जब DGP से बात की गई तो उन्होने बताया कि थाने में आने का मल्टीपरपज था। पहले तो यह चीज देखना था कि थाने में साफ-सफाई और थाने के अंदर जो साधन है, जिसके आधार पर पुलिस चलती है, जैसे गाड़ी, मेन पावर, यह किस हालत में है। कितने जवान हैं, इनके काम का बंटवारा किस तरीके का है, नियमों का पालन हो रहा है कि नहीं। किस तरीके से हम अच्छा पुलिसिंग कर सके, पब्लिक को अपने साथ जोड़ सकें, पब्लिक के सहयोग से उनकी समस्याओं का समाधान कर सकें। इन्हीं सारी बातों को लेकर बिना सूचना के औचक निरीक्षण किया गया है। आने वाले समय में संसाधनों में वृद्धि होगी।इसकी तैयारी हमलोग कर रहे हैं। बीते वर्ष की अपेक्षा हत्या, डकैती और बलात्कार के केस में कमी आई है। वहीं चोरी और छीन-छोर की घटनाएं बढ़ी हैं। क्राइम को आगे भी नियंत्रित किया जाएगा।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें