Live

आरा में मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी तेज

डीएम ने वीर कुंवर सिंह संग्रहालय का लिया जायजा,23 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम

A
archana singhलेखक

आरा: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 23 सितंबर को भोजपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले मंगलवार को जिला पदाधिकारी, भोजपुर मनेश कुमार मीणा ने जगदीशपुर स्थित वीर कुंवर सिंह संग्रहालय का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का अवलोकन किया तथा संग्रहालय से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संग्रहालय की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, रखरखाव और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की भी समीक्षा की।

डीएम ने अधिकारियों को संग्रहालय की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा यहां आने वाले आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए संग्रहालय परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने कहा कि वीर कुंवर सिंह संग्रहालय स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और वीर बाबू कुंवर सिंह की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। उन्होंने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और संग्रहालय के सुव्यवस्थित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।

बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 23 सितंबर के भोजपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इसी क्रम में डीएम द्वारा विभिन्न व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें