आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई
पटना में भवन निर्माण निगम के महाप्रबंधक कमलेश कुमार के ठिकानों पर EOU की छापेमारी
पटना: बिहार में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, पटना के महाप्रबंधक (तकनीकी) कमलेश कुमार के खिलाफ EOU ने छापेमारी शुरू की है। आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, उनके खिलाफ थाना कांड संख्या 24/26, दिनांक 21 सितंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच के दौरान कमलेश कुमार की ज्ञात आय के वैध स्रोतों से करीब 3 करोड़ 12 लाख 51 हजार रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिलने की बात कही गई है। EOU के मुताबिक यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 103.30 प्रतिशत अधिक है।
मामले में विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद मंगलवार, 22 सितंबर को चार अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई शुरू की गई।
EOU की टीम ने कमलेश कुमार के वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र स्थित पैतृक आवास, पटना के एसकेपुरी थाना क्षेत्र स्थित प्लेट नंबर 302-C, ब्लॉक स्थित मनमोहन अपार्टमेंट, राजीव नगर थाना क्षेत्र के राजीव नगर रोड नंबर 25-C स्थित मेधा बिल्डिंग और बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के पटना स्थित कार्यालय में तलाशी शुरू की।
पुलिस के अनुसार, चारों स्थानों पर अलग-अलग टीमों द्वारा तलाशी की जा रही है। तलाशी के दौरान संपत्ति और अन्य दस्तावेजों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। आर्थिक अपराध इकाई ने कहा है कि तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत सूचना दी जाएगी।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।