BIHAR NEWS
IGIMS में गिरे ₹8,600, CCTV से मिला सुराग, युवक ने ईमानदारी से लौटाए पैसे
पटना- अस्पताल में बच्चे का इलाज कराने आई एक महिला के लिए उस वक्त परेशानी बढ़ गई, जब उसके 8,600 रुपये अचानक कहीं गिर गए। लेकिन पुलिस की तत्परता और एक युवक की ईमानदारी ने महिला की चिंता दूर कर दी। IGIMS परिसर में हुई इस घटना ने मानवता और ईमानदारी की एक मिसाल पेश की है। सहरसा जिले के बख्तियारपुर की रहने वाली पूजा कुमारी अपने बच्चे का इलाज कराने IGIMS पहुंची थीं। इसी दौरान अस्पताल परिसर में उनकी कमर से 8,600 रुपये गिर गए। जब महिला को पैसे गायब होने का पता चला, तो उन्होंने तुरंत IGIMS TOP में इसकी सूचना दी।
CCTV फुटेज से मिला सुराग
मामले की सूचना मिलते ही शास्त्रीनगर थाना के IGIMS TOP थानाध्यक्ष कपलेश्वर पासवान ने तत्परता दिखाई और अस्पताल परिसर के CCTV फुटेज की जांच कराई। फुटेज के आधार पर पता चला कि रुपये राजाबाजार की ब्रह्मस्थानी गली निवासी रोहित कुमार, पिता रंजीत कुमार महतो को मिले थे। इसके बाद थानाध्यक्ष ने रोहित कुमार से संपर्क किया। युवक ने भी ईमानदारी का परिचय देते हुए रुपये लौटाने की बात कही।
थाने में महिला को वापस मिली पूरी रकम
IGIMS TOP परिसर में थानाध्यक्ष कपलेश्वर पासवान की मौजूदगी में रोहित कुमार ने पूरी रकम, यानी 8,600 रुपये, पूजा कुमारी को वापस कर दिए। खोई हुई रकम मिलने से महिला को बड़ी राहत मिली। उन्होंने पुलिस और युवक दोनों के प्रति आभार जताया। इस मौके पर थानाध्यक्ष कपलेश्वर पासवान ने कहा कि पुलिस का काम केवल अपराध रोकना ही नहीं, बल्कि आम लोगों का भरोसा जीतना भी है। उन्होंने युवक की ईमानदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।