राजगीर में विश्व शांति स्तूप का 55वां वार्षिकोत्सव
CM नीतीश ने नये एकीकृत भवन का किया उद्घाटन, पर्यटकों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं
PATNA : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर-कमलों द्वारा विश्व शांति स्तूप, राजगीर के 55वें वर्षगांठ के अवसर पर रोप-वे के निकट नवनिर्मित एकीकृत भवन का उद्घाटन किया गया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आज राज्य सरकार पर्यटन स्थलों को समृद्ध, हरित और उन्नत पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने हेतु निरंतर प्रयत्नशील है। पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण में आज आधुनिक तकनीकों का भी सहारा लिया जा रहा है, जिससे अधिक संख्या में लोगों का रुझान पर्यटनीय स्थलों के प्रति बढ़े ताकि वें प्राकृतिक सौन्दर्यता को करीब से जान सके। पक्षियों की चहचहाहट, कल-कल करते झड़ने, ऊंची पहाड़ियां, धरती को छूते बादलों के झुंड आदि मनमोहक दृश्यों से रू-ब-रू हो सके।
अब नवनिर्मित एकीकृत भवन के बन जाने से पर्यटकों के लिए शॉपिंग, खाने-पीने, और जानकारी की सुविधाएं के अलावा, यहां लिफ़्ट, शौचालय, पार्किंग और रैंप जैसी सुविधाएं भी मिलनी शुरू हो जाएगी। जो यहां घूमने आनेवाले पर्यटकों के लिए सुगम सुविधा प्रदान करेगी। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार द्वारा नवनिर्मित एकीकृत भवन में घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं प्रदान की गई हैं।
6 फ़ूड कोर्ट वाले दुकानें, जिनमें पर्यटक विभिन्न प्रकार के व्यंजन का आनंद ले सकेंगे। इसके साथ ही भवन अवस्थित 80 सीटों वाला कैफेटेरिया में पर्यटक आराम से भोजन कर सकेंगे। स्वच्छता और हाईजिन का विशेष ख्याल रखा गया है। लिफ्ट के जरिए सभी मंजिलों तक पहुंच सुगम होगी। यह रोप-वे की यात्रा के लिए प्रतीक्षारत पर्यटकों के लिए एक विशाल प्रतीक्षालय है।
परिवारों की सुविधा के लिए एक शिशु पोषण कक्ष भी है और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जगह-जगह पर कूड़ेदान लगाए गए हैं। इस भवन का उद्देश्य, न केवल पर्यटकों की सुविधा को बढ़ाना है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोज़गार का अवसर भी प्रदान करता है।
उक्त अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक कौशल किशोर, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्त्तन विभाग की सचिव वंदना प्रेयषी, क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक डॉ. गोपाल सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी राजकुमार एम. और विभाग के अन्य वरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि विश्व शांति स्तूप, बिहार के नालंदा ज़िले के राजगीर में है। यह रत्नागिरी पहाड़ी पर बना है, इस स्तूप का निर्माण जापानी बौद्ध भिक्षु फ़ुजाई गुरुजी ने करवाया था। इसकी आधारशिला 1965 में राष्ट्रपति एस. राधाकृष्णन ने रखी थी, जिसका उद्घाटन 1969 में राष्ट्रपति वीवी गिरि ने किया था। यह स्तूप संगमरमर से बना है। इसमें भगवान बुद्ध की चार स्वर्ण प्रतिमाएं हैं। स्तूप के चारों दिशाओं में बुद्ध की मूर्तियां स्थापित हैं, इसमें एक छोटा जापानी बौद्ध मंदिर भी है। स्तूप के पास एक मंदिर है, जहां सार्वभौमिक शांति के लिए प्रार्थना की जाती है। स्तूप तक पहुंचने के लिए 2,200 फ़ीट लंबा रोप-वे है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।