Live

बड़े भाई को श्रद्धांजली देने भतीजा चिराग के आवास पहुंचे चाचा पारस...

A
Adminलेखक

पीएम,सीएम और बिहार के राज्यपाल समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजली

PATNA:-पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व.रामविलास पासवान की पहली बरसी के अवसर पर पटना स्थित चिराग पासवान के आवास पर श्रद्धांजली समारोह का आयोजन किया गया जिसमें कई दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।

इस श्रद्धाजंली सभा में चिराग के चाचा और केन्द्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस भी शामिल हुए और भतीजे चिराग के साथ बड़े भाई की मौत की पहली बरसी पर पूजा पाठ किया।केन्द्रीय मंत्री बनने के बाद पशुपति कुमार पारस की अपने भतीजे चिराग पासवान के साथ ही यह पहली सार्वजनिक मुलाकात थी।इसके लिए चिराग पासवान ने अपने चाचा एवं अन्य सगे संबधियों को निमंत्रण भेजा था।निमंत्रण मिलने के बाद पशुपति कुमार पारस ने कहा था कि उनके बड़े भाई स्व रामविलास पासवान उनके लिए भगवान की तरह हैं।इसलिए चिराग पासवान उन्हें निमंत्रण नहीं भी देते..तो वे भी वे श्रद्धांजली सभा में जरूर शामिल होते,हलांकि चिराग पासवान के आवास पर आयोजित श्रद्धांजली सभा में शामिल होने के बाद पशुपति कुमार पारस ने मीडिया से बात नहीं की और विशेष पूजा पाठ एवं श्रद्धांजली देने के बाद वे वहां से निकल गये।

राज्यपाल फागू चौहान ने दी श्रद्धांजली

स्व रामविलास पासवान की पहली बरसी पर आयोजित श्रद्धांजली समारोह में बिहार के राज्यपाल फागू चौहान भी पहुंचे और स्व रामविलास पासवान के फोटो पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजली दी।

पीएम नरेन्द्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार ने दी श्रद्धांजली

स्व रामविलास पासवान की पहली बरसी पर चिराग पासवान ने पीएम नरेन्द्र मोदी समेत देश के विभिन्न राजनीतिक दल के नेताओं को और मंत्रियों को निमंत्रण भेजा था।पीएम नरेन्द्र मोदी ने स्व रामविलास पासवान की पहली बरसी पर चिराग पासवान से फोन पर बात की और स्वर्गीय रामविलास पासवान को महान सपूत, बिहार का गौरव व सामाजिक न्याय का मसीहा बताते हुए श्रद्धांजली दी।इस संबंध में पीएम मोदी ने एक पत्र भी चिराग पासवान को भेजा है।चिराग पासवान ने इस पत्र की चर्चा करते हुए पीएम मोदी का धन्यवाद किया है।

वहीं सीएम नीतीश कुमार ने भी स्व रामविलास पासवान की पहली बरसी पर श्रद्धांजली दी है।इसको लेकर सीएम कार्यालय से एक लाईन का श्रद्धाजली संदेश जारी किया गया है।हलांकि चिराग पासवान काफी देर तक नीतीश कुमार का इंतजार करते रहे,पर नीतीश कुमार समेत जदयू के अन्य नेता इस समारोह स्थल से दूरी बनाकर रखी।इस मामले पर जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने खगड़िया में मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का सामाजिक परिवर्तन में बड़ा योगदान रहा है.पर कुछ लोग रामविलास के बरसी पर भी राजनीति कर रहे हैं.राजनीति से प्रेरित होकर राजकीय सम्मान के साथ उनके पुण्य तिथि मनाने और आदमकद प्रतिमा बनाने की मांग कर रहे हैं.ऐसी मांगों को पूरा करने के लिए सीएम नीतीश खुद हैं सक्षम हैं।इसके लिए किसी के सलाह की जरूरत नहीं है।

नित्यानंद राय और तेजस्वी यादव ने दी श्रद्धांजली

स्वर्गीय रामविलास पासवान की पहली बरसी पर आयोजित श्रद्धंजली सभा में केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय शामिल हुए।उन्हौने रामविलास पासवान के फोटो पर माल्यार्पण किया और देश की राजनीति में रामविलास पासवान के योदगान की चर्चा की।वहीं इस श्रद्धांजली सभा में राजद नेता सह बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने तेजस्वी यादव भी चिराग के आवास जाकर श्रद्धांजली दी।वहीं मीडिया से बाते करते हुए तेजस्वी ने कहा कि रामविलास पासवान हमारे चाचा थे और उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता उन्होंने कहा कि वह देश के बड़े नेता के साथ-साथ हमारे अभिभावक भी रहे हैं और उनकी आत्मा को शांति मिले और हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के श्रद्धांजली सभा में नहीं आने के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि इस मुद्दे पर हम कोई राजनीति नहीं करना चाहते लेकिन देश की राजनीति में एक शिष्टाचार तो होना ही चाहिए

कई राजनीतिक दल के नेता हुए शामिल

स्व रामविलास पासवान की पहली बरसी पर आयोजित समारोह से बिहार के सीएम नीतीश कुमार और जदयू ने दूरी बनाकर रखी, पर कई अन्य दूसरे दल के नेता समारोह स्थल पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजली दी।चिराग के आवास पर श्रद्धांजली देने वालों में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा,बीजेपी एमएलसी संजय पासवान, कांग्रेस नेता शकील अहमद लोजपा नेता: सूरजभान सिंह राजद नेता: श्याम रजक और अब्दुलबारी सिद्दकी एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमाम समेत कई अन्य नेता हैं।वहीं इस समारोह में सीएम नीतीश कुमार को लेकर भाजपा एमएलसी संजय पासवान ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि नीतीश कुमार कई बार आश्चर्यजनक डिसीजन लेने के लिए प्रसिद्ध हैं।नीतीश कुमार इतने निष्टुर नहीं हो सकते हैं कि वे इस तरह के कार्यक्रम में नहीं आ पायें।

अरूण चौरसिया,कशिश न्यूज

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें