Live

BIHAR NEWS

गोपालगंज में नल-जल योजना की औचक जांच, 14 प्रखंडों की पंचायतों में पहुंचे 230 अधिकारी

R
Ravi Prakashलेखक

गोपालगंज में नल-जल योजना की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलेभर में व्यापक औचक निरीक्षण कराया गया। बिहार सरकार के निर्देश और जिलाधिकारी समीर सौरभ के निर्देश पर जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के करीब 230 अधिकारियों को अलग-अलग पंचायतों में भेजा गया। अधिकारियों ने जिले के सभी 14 प्रखंडों की संबंधित पंचायतों में पहुंचकर नल-जल योजना की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान योजना के संचालन, जलापूर्ति की स्थिति, पानी से जुड़ी संरचनाओं और आम लोगों को मिल रहे लाभ की जमीनी स्थिति की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी देखा कि संबंधित योजनाएं धरातल पर किस स्थिति में संचालित हो रही हैं और लोगों को नियमित रूप से पेयजल की सुविधा मिल रही है या नहीं। जिलाधिकारी के निर्देश पर निरीक्षण से जुड़ी जानकारी और जांच प्रतिवेदन ऑनलाइन दर्ज किया गया, ताकि जिले में नल-जल योजनाओं की वास्तविक स्थिति का समेकित आकलन किया जा सके।

डीएम समीर सौरभ ने कहा कि नल-जल योजना का उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए योजनाओं का धरातलीय निरीक्षण कर कमियों की पहचान की जा रही है और आवश्यक सुधार की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यानि गोपालगंज में नल-जल योजना को लेकर प्रशासन ने सीधे धरातल पर पहुंचकर व्यवस्था की जांच की है। अब निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर सामने आने वाली कमियों को दूर करने की कार्रवाई की जाएगी।

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें