बिहार से दिल्ली के राजघाट के लिए निकलेगी साईकिल रैली ..राज्यपाल फागू चौहान 11 सितंबर को दिखायेगें हरी झंडी
PATNA:-भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने पर देशभर में अमृत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।इसके तहत सरकारी और गैर सरकारी स्तर पर कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहें हैं।इस क्रम में सशस्त्र सीमा बल द्वारा ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है।सशस्त्र सीमा बल के सभी सीमांतों और अन्य स्थापनाओं के प्रतिनिधियों का 15-15 सदस्यीय दल देश के अलग - अलग हिस्सों से साइकिल के जरिये एक अक्तूबर को नई दिल्ली पहुंचेंगे और दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की समाधि स्थल राजघाट पर श्रद्धाजलि देगें।
इस साईकिल रैली में सशस्त्र सीमा बल की सीमांत मुख्यालय पटना का दल भी शामिल होगा.इस साइकिल दल को 11 सितम्बर को बिहार के राज्यपाल फागु चौहान राजभवन से झंडी दिखा कर रवाना करेंगे।
साइकिल रैली का एक दल असम के तेजपुर से,दूसरा दल गुवाहाटी और तीसरा दल सिलिगुडी से चल कर बिहार के किशनगंज जिले में प्रवेश करते हुए सीमावर्ती जिलों अररिया, सुपौल, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, चंपारण से उत्तर प्रदेश होते हुए नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगा.
साइकिल रैली के मद्देनजर बिहार के अलग- अलग जिलों में ‘फ्लैग ऑफ समारोह’का आयोजन किया गया है. जहाँ गणमान्य व्यक्ति झंडी दिखा कर ‘साइकिल रैली’ को रवाना करेंगे.
अररिया में 7 सितम्बर को स्थानीय सांसद प्रदीप कुमार साइकिल रैली को रवाना करेंगे. 8 सितम्बर को बीरपुर में बिहार सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज सिंह बबलू साइकिल दल को रवाना करेंगे. जबकि 9 सितम्बर को सुपौल में बिहार सरकार के उर्जा, योजना एवं विकास मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, 10 सितम्बर को दरभंगा में स्थानीय सांसद गोपाल जी ठाकुर, 12 सितम्बर को मुजफ्फरपुर में स्थानीय सांसद अजय निषाद, 13 सितम्बर को पिपरा कोठी मोतिहरी में पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद राधा मोहन सिंह, 14 सितम्बर को बेतिया में सांसद डॉ संजय जयसवाल और 15 सितम्बर को बगहा में विधान सभा सदस्य राम सिंह साइकिल रैली दल को रवाना करेंगे
अरूण चौरसिया,कशिश न्यूज
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।