जेपी विवि के पीजी कोर्स से जेपी और लोहिया का नाम हटाने के मुद्दे पर सीएम ने लिया संज्ञान,विवि के कुलपति को किया गया तलब
छपरा के जेपी विश्वविद्यालय के पीजी के राजनीति विज्ञान के कोर्स से जयप्रकाश नारायण और रामनोहर लोहिया समेत अन्य समाजवादियों की जीवनी हटाने के मुद्दे पर सीएम नीतीश कुमार ने खुद संज्ञान लिया है और शिक्षा विभाग के मंत्री एवं अधिकारियों से बात करके जेपी विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुलसचिव को तलब कर पूरी जानकारी ली।
पूरे मामले पर प्रेसवार्ता कर जानकारी देते हुए शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि मीडिया में जेपी और लोहिया जैसे महापुरूषों की जीवनी कोर्स से हटाने की खबर से वे लोग आशचर्यचकित हो गये।सीएम नीतीश कुमार खुद इस मामले पर उनसे बात की।इसलिए इस मुद्दे पर जेपी विश्वविद्यालय के कुलपति और कुलसचिव से पूरे मामले की जानकारी ली गयी तो दोनो का जवाब संतोषजनक नहीं मिल पाया।हलांकि कोर्स में बदलाव का यह मामला दो-ढाई साल पहले का है।
शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने स्पष्ट किया कि सरकार और विभाग की नजर में कोर्स में इस तरह का बदलाव अनुचित है और इसमें सामान्य परंपरा का भी पालन नहीं किया गया है।यह स्थापित मान्यता है कि बिहार के विश्वविद्यालय से संबंधित कोई भी नियम परिनियम, ऑर्डिनेंस आदि सरकार के बिहार राज्य उच्च शिक्षा परिषद की सहमति के बाद ही लागू किया जाता है।इस मामले में इसका पालन नहीं किया गया है ।
उल्लेखनीय है कि मीडिया में समाचार के आते ही मुख्यमंत्री ने भी इस पर घोर आश्चर्य एवं क्षोभ व्यक्त किया था एवं तत्काल इसके निराकरण का निर्देश दिया था। शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने संबंध में यह भी बताया कि महामहिम कुलाधिपति के भी संज्ञान में यह बात लाई गई है।वे फिलहाल बिहार से बाहर हैं और वापस आकर इसमें आवश्यक सुधार कराने का उन्होंने भरोसा दिलया है।
इस क्रम में मंत्री ने विभाग को यह निर्देशित किया कि राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों से भी पाठ्यक्रम में पिछले दिनों किए गए बदलाव की सूचना एकत्रित की जाए तथा अगर किसी दूसरे विश्वविद्यालय में इस तरह की कोई अनुचित या अनियमित बातें सामने आती है तो उसमें भी आवश्यक सुधार की व्यवस्था की जाएगी परंतु बिहार की जन भावना एवं सरकार की प्राथमिकताओं के विरुद्ध विश्वविद्यालय के विभिन्न विषयों के पाठ्यक्रम में किए गए बदलाव की इजाजत नहीं दी जा सकती है।
पटना से गौतम की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।