Live

BREAKING NEWS

11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आने से गजराज की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

D
Deepak Kumarलेखक

सरायकेला के गुंडा गांव में दर्दनाक हादसा,धान खाने खेत में पहुंचा था हाथी;बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में बिजली विभाग की लापरवाही एक जंगली हाथी की मौत का कारण बन गई। चांडिल वन क्षेत्र के अंतर्गत गुंडा गांव के डीटांड टोला में सोमवार की रात करीब 9 बजे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की दर्दनाक मौत हो गई। मृत हाथी की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, हाथी भोजन की तलाश में गांव के खेतों की ओर पहुंचा था। धान खाने के दौरान जब वह खेत की मेड़ पार कर रहा था, तभी नीचे लटक रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगने से हाथी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली।

बिजली विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में नाराजगी
हाथी की मौत के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में कई जगह बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं। समय रहते इन तारों की मरम्मत और सुरक्षित ऊंचाई पर लगाने की व्यवस्था की गई होती, तो शायद इस दर्दनाक हादसे को रोका जा सकता था।

दलमा से हाथियों के पलायन पर भी उठे सवाल
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने एक और महत्वपूर्ण सवाल उठाया है। आखिर दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी से हाथियों के झुंड भोजन और पानी की तलाश में पलायन कर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में क्यों डेरा डाल रहे हैं? ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के लगातार गांवों और खेतों की ओर आने से इंसानों और वन्यजीवों दोनों की जान पर खतरा बना हुआ है।

फिलहाल, इस घटना ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष और बिजली के खुले एवं नीचे लटकते तारों की समस्या को उजागर कर दिया है। अब देखना होगा कि वन विभाग और बिजली विभाग इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें