बेड़ो :लापुंग थाना क्षेत्र के कंड़रकेल गांव के झोगेड़ नाला के पास बीती रात जंगली हाथियों के हमले में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 78 वर्षीय मोगो मांझी के रूप में हुई है, जो कुरकुरिया सखुआ टोली के निवासी थे।

एकाकी जीवन जी रहे थे मृतक
मृतक मोगो मांझी अकेले ही रहते थे, जबकि उनके परिवार के सदस्य पास के इलाकों में मजदूरी करते थे। मोगो घर में नहीं रहते थे और खेत में एक अस्थायी इगोपड़ी नुमा कुटिया बनाकर उसमें रहते थे। बताया जाता है कि रात के समय दो जंगली हाथियों ने मोगो को कुचलकर उसकी जान ले ली।

वन विभाग और पुलिस की तत्परता
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के वनपाल उपेन्द्र प्रसाद और वनरक्षक सुभाष प्रमाणिक मौके पर पहुंचे। विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की मदद दी। साथ ही, लापुंग पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

यह घटना जंगली हाथियों के मानव बस्तियों के पास आने और वहां हो रहे हमलों को लेकर चिंता का विषय बन गई है।