कोडरमा में हाथियों का तांडव : दो की मौत, एक घायल
कोडरमा।जिले में हाथियों का एक बार फिर आतंक बढ़ने लगा है। यहाँ हाथी ने एक महिला और एक पुरुष को कुचल कर मार डाला है। मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात8:00 बजे एक हाथी मरियमपुर के पास देखा गया, जिसके बाद हाथी मरियमपुर के बिरहोर टोला घुस आया।जहां पहले उसने एक बिरहोर महिला को कुचल दिया। मृतका की पहचान मुनिया बिरहोरणी (55 वर्ष) पिता मांगर बिरहोर के रूप में की गई है। वहीं हाथी ने आरती बिरहोरणी नामक एक महिला को भी घायल कर दिया है। जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। महिला की मौत के बाद ग्रामीणों द्वारा हाथी को उक्त गांव से भगाया गया। वहीं हाथी के वहां से भागने के क्रम में वह बोनाकाली महिला कॉलेज की ओर गया।

जहाँ हाथी ने40 वर्षीय बालेश्वर सोरेन, पिता छोटका सोरेन को भी कुचलकर मार डाला। इसके बाद हाथी फॉरेस्ट गेस्ट हाउस की ओर भागा और वहां बाउंड्री वाल के मेन गेट को क्षतिग्रस्त कर दिया। इधर कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र के बोनाकाली और मरियमपुर में हाथी के दस्तक देने से लोग दहशत में है। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथियों को ज्यादा दूर खदेड़ने में नाकाम रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कुल तीन हाथी क्षेत्र में भ्रमणशील हैं, जिसमें अभी भी एक हाथी मरियमपुर से सटे जंगलों में छिपा हुआ है। वहीं दूसरी तरफ हाथियों का एक झुंड बागीटांड से सटे कोडरमा घाटी के जंगलों में देखे जाने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वन विभाग की टीम के पास हाथियों को खदेड़ने के लिए कोई पर्याप्त इंतजाम भी नहीं है। सूचना मिलने के बाद टीम पहुंची जरूर, लेकिन एक टॉर्च के सहारे हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया जाता रहा जो नकाफी साबित हुआ है। हांथी अभी भी पास के जंगल मे छिपा है और कभी भी आतंक मचा सकते हैं।





