JHARKHAND NEWS : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड दौरे की सुरक्षा को लेकर चाक-चौबंद इंतजाम, 1000 पुलिसकर्मी तैनात


रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 14 फरवरी को झारखंड के रांची शहर का दौरा करेंगी। वह बीआईटी मेसरा में 15 फरवरी को आयोजित हीरक जयंती समारोह में शामिल होंगी। इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि राष्ट्रपति की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और निर्बाध हो सके।
राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए तीन लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। इस सुरक्षा व्यवस्था में कुल 1000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा, जिनमें 10 आईपीएस अधिकारी भी शामिल होंगे। राष्ट्रपति का काफिला एयरपोर्ट से सीधे राजभवन की ओर रवाना होगा, और इस दौरान ट्रैफिक की व्यवस्था में भी बदलाव किया जाएगा।
सुरक्षा के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, आधे घंटे पहले ही होगा ट्रैफिक बंद
रांची पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एक बैठक आयोजित की है, जिसमें जिला प्रशासन, एयरपोर्ट ऑथोरिटी, सीआईएफ और जिला पुलिस बल के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में तय किया गया कि 14 फरवरी को राष्ट्रपति के एयरपोर्ट से राजभवन पहुंचने के दौरान हरमू बाइपास से ट्रैफिक रोका जाएगा। यह रोक लगभग आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक हो सकती है।
इसके अलावा, सुरक्षा के मद्देनजर पूरे शहर में ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किए जाएंगे, ताकि राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।