Hindi News / मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया उद्घाटन,ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा नया मंच

रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में खुला पलाश दीदी कैफे : मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया उद्घाटन,ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा नया मंच

Edited By:  |
ralsha shakti viswavidyalay me khula plash didi caffey ralsha shakti viswavidyalay me khula plash didi caffey

रांची: झारखंड की ग्रामीण विकास,ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शुक्रवार को रांची स्थित रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय परिसर में ‘पलाश दीदी कैफे’ का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पलाश दीदी कैफे सिर्फ झारखंड के स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजनों का केंद्र नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं के श्रम, हुनर, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है.

प्रशिक्षण से बाजार तक महिलाओं को जोड़ने की पहल

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को उनके हुनर के अनुरूप प्रशिक्षण देने के बाद ऋण और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. अब उनके उत्पादों और सेवाओं को बाजार से जोड़कर स्थायी स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि ‘पलाश’ के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें बेहतर पहचान और उचित मूल्य दिलाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है.


सरकारी आयोजनों और संस्थानों में ‘पलाश’ को प्राथमिकता

मंत्री ने कहा कि सरकारी आयोजनों और विभिन्न संस्थानों में ‘पलाश’ से जुड़ी दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों और खाद्य सामग्री को प्राथमिकता के साथ स्थान मिले, इसके लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पूरे झारखंड में पलाश दीदी कैफे का विस्तार करना है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें.

अगले छह महीने में रांची में शुरू होगा पहला ‘पलाश मार्ट’

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि पलाश दीदी कैफे इस अभियान के विस्तार की एक मजबूत कड़ी है. नए कैफे के माध्यम से लोगों को झारखंड के पारंपरिक स्वाद से जुड़ने का अवसर मिलेगा, वहीं ग्रामीण महिलाओं के हुनर और उत्पादों को नए उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए सशक्त मंच भी मिलेगा. उन्होंने बताया कि पलाश के विस्तार के अगले चरण में ‘पलाश मार्ट’ की शुरुआत की जाएगी. रांची में राज्य के पहले पलाश मार्ट का उद्घाटन अगले छह महीनों के भीतर किए जाने का लक्ष्य है.

जैविक उद्यान में भी जल्द शुरू होगा पलाश दीदी कैफे

मंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा जैविक उद्यान में भी जल्द पलाश दीदी कैफे शुरू किया जाएगा. इसके जरिए स्वयं सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार विभिन्न स्थानीय उत्पादों को व्यापक और संगठित बाजार उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख केंद्रों पर पलाश के ऐसे केंद्रों का विस्तार ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इससे स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे और ‘स्थानीय से वैश्विक’ की परिकल्पना को भी मजबूती मिलेगी.

JSLPS के अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान JSLPS के सीईओ अनन्य मित्तल, आईएएस अधिकारी अंजलि यादव सहित जेएसएलपीएस के कई अधिकारी मौजूद रहे.

रांची से संवाददाता राहुल कुमार की रिपोर्ट