रांची : झारखंड में कल्याण विभाग की तरफ से संचालित प्रीमिटीव ट्राइब्स के लिए संचालित विद्यालय, आश्रम विद्यालय, अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय, अनुसूचित जनजाति को संचालित कर रहे स्वंयसेवी संस्थानों का पैसा नहीं मिला है. इन संस्थानों में विद्या विकास समिति हिनू, रांची, बुद्धा शैक्षणिक विकास परिषद धनबाद, केरला पब्लिक ट्रस्ट कदमा जमशेदपुर, सेवा संस्थान दुमका, आसरा चाईबासा, सिंहभूम लीगल एंड डेवलपमेंट सोसाइटी पूर्वी सिंहभूम, विकास भारती विशुनपुर और बटेश्वर सेवा संस्थान गोड्डा शामिल हैं. इन संस्थानों को 2021-22 और 2022-23 का पैसा नहीं दिया गया है. सरकार का कहना है कि इन संस्थानों के साथ हुआ कल्याण विभाग का समझौता 31 मार्च 2022 को ही समाप्त हो गया है.
आश्रम विद्यालय, पीवीटीजी प्राथमिक विद्यालय, अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय और अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालयों के संचालन को लेकर 31 मार्च 2019 को झारखंड सरकार ने चयनित स्वंयसेवी संस्थानों के साथ एकरारनामा किया था. 14 जून 2021 तक विद्यालयों के संचालन के लिए संसोधित एकरारनामा किया गया. इसके अलावा 31 मार्च 2022 तक दुबारा एक्सटेंशन दिया गया.
जानकारी के अनुसार आश्रम विद्याल, अनुसूचित जनजाति को-एड आवासीय विद्यालयों के संचालन के लिए संस्थाओं को प्रति छात्र 42 हजार रुपये की दर से भुगतान किया जाता था. जबकि पीभीटीजी आवासीय प्राथमिक विद्यालय में पढ़नेवाले बच्चों में से प्रत्येक बच्चों के हिसाब से एनजीओ को 32 हजार रुपये दिये जाते थे. इसी प्रकार अनुसूचित जनजाति प्राथमिक आवासीय विद्यालय और अनुसूचित जाति प्राथमिक आवासीय विद्यालय के लिए प्रति स्टूडेंट 32-32 हजार रुपये दिये जाने का सरकार ने समझौता किया था.
जानकारी के अनुसार विद्या विकास समिति को आश्रम विद्यालय सिसई, आश्रम विद्यालय झिंकपानी, आश्रम विद्यालय सिमरिया, आश्रम विद्यालय गोमिया, आश्रम विद्यायल रेड़मा के अलावा पीभीटीजी प्राथमिक आवासीय विद्यालय बेतला, पीभीटीजी प्राथमिक आवासीय विद्यालय औराटांड़, अनुसूचित जनजाति प्राथमिक आवासीय विद्यालय गारू, अनुसूचित जनजाति प्राथमिक आवासीय विद्यालय चाकुलिया, अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय गोइलकेरा, अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय सरायकेला खरसांवा स्कूल के संचालन का काम दिया गया था. इसके अलावा बुद्धा शैक्षणिक संस्थान धनबाद को आश्रम वुद्यालय किस्को और जामताड़ा, पीभीटीजी आवासीय विद्यालय हजारीबाग, अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय जामा का काम मिला था. केरला पब्लिक ट्रस्ट विद्यालय को अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय पटमदा दिया गया था. वहीं आश्रम विद्यालय भेलवारा और पीभीटीजी आवासीय विद्यालय बड़ाचापुड़िया की जवाबदेही सेवा संस्थान दुमका को दी गयी थी.
कल्याण विभाग की तरफ से आसरा संस्थान चाईबासा को आश्रम विद्यालय कुचाई और अनुसूचित जनजाति प्राथमिक आवासीय विद्यालय बालूमाथ का काम दिया गया था. सिंहभूम लीगल एंड डेवलपमेंट सोसाइटी को आश्रम विद्यालय गुड़ाबांधा, भवनाथपुर, पीभीटीजी प्राथमिक आवासीय विद्यालय नेतरहाट और अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय बालुमाथ का काम दिया गया था. विकास भारती विशुनपुर को पीभीटीजी आवासीय विद्यालय तुषगांव गुमला, महेशपुर चैनपुर, साहेबगंज, अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय गुमला का काम मिला था. वहीं बटेश्वर सेवा संस्थान गोड्डा को पीभीटीजी आवासीय प्राथमिक विद्यालय धनगढ़ा और अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय पाकुड़ का काम मिला था.
रांची से दिपक की रिपोर्ट

