Hindi News / डायन के आरोप में बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा,24 घंटे में दो...

खूंटी पुलिस की कार्रवाई : डायन के आरोप में बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा,24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

Edited By:  |
khunti police ki karwai khunti police ki karwai

खूंटी: जिले के सायको थाना क्षेत्र में एक बार फिर अंधविश्वास की वेदी पर एक बुजुर्ग महिला की बलि चढ़ा दी गई. किताहातु गांव में डायन-बिसाही के आरोप में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला एतवारी देवी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. हालांकि, सायको थाना पुलिस ने इस संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के अंदर सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार 2 जुलाई 2026 की दोपहर सायको थाना क्षेत्र के किताहातु गांव में अज्ञात अपराधियों ने एतवारी देवी (75 वर्ष) के सिर पर कड़े और हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी. इस मामले को लेकर महिला के बेटे बिरसा मुण्डू (32 वर्ष) के लिखित आवेदन पर सायको थाना में कांड संख्या 12/2026, धारा 103(1) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया था.

एसडीपीओ के नेतृत्व में 24 घंटे में खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए खूँटी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व और निर्देश में विशेष पुलिस टीम का गठन कर गहन अनुसंधान शुरू किया गया. पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के अंदर ग्राम किताहातु से दो आरोपियों को धर दबोचा. गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात साफ हुई है कि महिला की हत्या डायन-बिसाही के अंधविश्वास में की गई थी.

घटना में प्रयुक्त खून से सने डंडे और पत्थर बरामद

गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए खून लगे दो बाँस के डंडे, एक खून लगा हुआ पत्थर और अन्य सामग्रियों को विधिवत बरामद कर लिया है.