Hindi News / तजना नदी के किनारे मिला शव,साक्ष्य छुपाने के लिए लाश पुल के नीचे...

खूंटी में डबल मर्डर : तजना नदी के किनारे मिला शव,साक्ष्य छुपाने के लिए लाश पुल के नीचे फेंकने की आशंका

Edited By:  |
khunti mein double murder khunti mein double murder

खूंटी: खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी के किनारे शुक्रवार सुबह एक महिला और युवक का शव मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई है. महिला की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़गई निवासी नेहा कुमारी के रूप में हुई है.जबकि, मृत युवक की पहचान उसके पड़ोसी अरुण कुमार राणा के रूप में हुई है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों की धारदार हथियार से हत्या की गई है. आशंका जतायी जा रही है कि हत्या पुल के ऊपर करने के बाद शवों को छिपाने की नीयत से पुल के नीचे तजना नदी किनारे फेंक दिया गया.

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, सोयको थाना प्रभारी पी.आर. पांडेय सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया. पुलिस आस-पास से साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार,नेहा कुमारी की बहन की शादी शनिवार को होनी थी. शादी समारोह में शामिल होने के लिए नेहा अपने बच्चों को ससुराल से लाने के लिए पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ अपने ससुराल, करंज थाना क्षेत्र के डोरिया गांव, जा रही थी. इसी दौरान दोनों रास्ते में लापता हो गए. परिजनों ने संबंधित थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई थी.

घटनास्थल से शादी का निमंत्रण कार्ड मिलने के बाद पुलिस ने उसकी मदद से मृतकों की पहचान हो पाई और परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद परिजन खूंटी के लिए रवाना हो गए हैं.फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की पहचान के लिए जांच में जुटी हुई है.