जमशेदपुर : लापता बच्ची 15 दिन बाद सकुशल बरामद,झालदा से पति-पत्नी गिरफ्तार
जमशेदपुर: साकची बाजार से लापता बच्ची मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बच्ची को15 दिन बाद सकुशल बरामद किया गया है. पुरूलिया के झालदा से आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस मामले में पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र के पुष्टि ग्राम का रहने वाला अब्दुल जसीम उर्फ लखन और उसकी पत्नी अफसाना बेगम को गिरफ्तार किया गया है. बच्ची उन्हीं के पास से सकुशल बरामद की गयी है.सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि बच्ची 26 मई को साकची बाजार में अपने माता-पिता के साथ खरीदारी के दौरान लापता हो गयी थी.
गठित टीम ने की कार्रवाई
इस संबंध में बच्ची के पिता मो.इम्तियाज ने साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया गया.पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और आस-पास के क्षेत्रों के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की.
संतान नहीं होने पर दंपत्ती मजबूरन किए थे अपहरण
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पुष्टि में छापेमारी कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया. पूछताछ में दोनो पति-पत्नी ने बच्ची के अपहरण में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. आरोपियो ने बताया कि उनकी शादी को लगभग दस वर्ष हो चुके हैं और संतान नहीं होने के कारण उन्होंने मजबूरन बच्ची का अपहरण कर लिया था. बच्ची को छिपाने के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल के ग्राम पुष्टि में रखा गया था.गिरफ्तार दंपत्ती मूल रूप से मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड क्षेत्र में किराये के मकान में रहते थे. पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल भी जब्त किया है।





