हाथियों का आतंक : गिरिडीह के सरिया में दो दिनों में 2 युवकों की मौत,वन विभाग पर अनदेखा का आरोप
गिरिडीह:जिले के सरिया क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. बीते दो दिनों में हाथियों के हमले और भगदड़ में दो युवकों की मौत हो चुकी है. जिससे इलाके में दहशत और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है.
पहली घटना बागोडीह की है, जहां हाथियों के खदेड़ने पर 22 वर्षीय युवक जान बचाने के दौरान कुएं में गिर गया, मौके पर ही उसकी मौत हो गई. जबकि, दूसरी घटना गाड़ेया में हुई है, जहां 27 वर्षीय कौशर को हाथी ने कुचलकर मार डाला.
ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना पहले ही वन विभाग को दी गई थी,लेकिन विभागीय कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे. लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है. घटना के विरोध में ग्रामीण धरने पर बैठ गए हैं.
इधर, घटना की सूचना पर पहुंचे जेएमएम नेता शत्रुध्न प्रसाद मंडल, भाकपा माले नेता हरेंद्र सिंह और सोनू पांडेय ने वन विभाग को जमकर फटकार लगाई. जेएमएम नेता शत्रुध्न प्रसाद मंडल ने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.





