Hindi News / परिजनों ने की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

गिरिडीह में लापता छात्रा का शव बरामद : परिजनों ने की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

Edited By:  |
giridih mein lapata chatra ka shaw bramad giridih mein lapata chatra ka shaw bramad

गिरिडीह:जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित बरगंडा पुराने पुल के पास उसरी नदी से बुधवार सुबह 11वीं की छात्रा पायल कुमारी का शव बरामद हुआ है. शव मिलने की सूचना पर इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. सिरसिया वार्ड नंबर-12 निवासी पायल कुमारी पढ़ाई के साथ-साथ सिलाई प्रशिक्षण लेती थी और बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती थी.

दो दिन बाद लाश बरामद

परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह वह ट्यूशन और कंप्यूटर क्लास जाने की बात कहकर घर से निकली थी. दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसे फोन किया, तब उसने ब्लॉक में सिलाई का काम खत्म कर घर लौटने की बात कही थी. इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद पुलिस को सूचना दी.

मामले की गंभीरता से की जा रही जांच

पुलिस ने मोबाइल डिटेल और उसके दोस्तों से पूछताछ भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. बुधवार सुबह उसका शव पुल के नीचे मिलने से परिवार में मातम छा गया. युवती के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वहीं, सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने कहा कि छात्रा के शव मिलने के बाद पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.