Hindi News / मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू हुए शामिल,लोगों को दी मुबारकबाद

गिरिडीह में ईद मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस : मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू हुए शामिल,लोगों को दी मुबारकबाद

Edited By:  |
giridih mein eid miladunnabi par ikla julus giridih mein eid miladunnabi par ikla julus

गिरिडीह: जिले में अकीदत और उत्साह के साथ जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी मनाया गया. इस मौके पर सुबह से ही शहर के चौक-चौराहों और प्रमुख इलाकों में रौनक देखने को मिली. विभिन्न इलाकों से बच्चे, बुजुर्ग और नौजवान बड़ी संख्या में मोहम्मदिया जुलूस में शामिल हुए. इस अवसर पर नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू भी जुलूस में शामिल हुए और लोगों को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी.

जुलूस के दौरान अकीदतमंदों ने नारे-ए-तकबीर,“अल्लाहु अकबर” और “सरकार की आमद मरहबा” के नारे बुलंद किए,जिससे पूरा माहौल धार्मिक उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा.विभिन्न इलाकों से निकला जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बरवाडीह स्थित कर्बला मैदान पहुंचा. कर्बला मैदान में अंजुमन तंजीम अहले सुन्नत द्वारा जलसा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में गिरिडीह के कई उलमा-ए-कराम ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जिंदगी और उनकी शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने लोगों से पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन उनके अच्छे व्यवहार, और उनके द्वारा दिए गए मोहब्बत,अमन और इंसानियत के संदेशों को बयान किया.

जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. शहर के प्रमुख चौक चौराहा और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी. जुलूस के पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही थी,ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसी रामनिवास यादव एसपी डॉ. विमल कुमार समेत कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद दिखे. प्रशासन की घड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.