गिरिडीह में आग ने कहर बरपाया : तुलाडीह गांव में आग लगने पर 7 घर जलकर राख,पीड़ित परिवारों पर टूटा दुख का पहाड़
गिरिडीह:जिले के बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र के तुलाडीह गांव में मंगलवार देर रात भीषण आग ने कहर बरपाया है. अचानक आग लगने पर पूरे गांव में अफरा-तफरी का मच गई थी. इस घटना में 7 घर जलकर खाक हो गया. आग की लपटें इतनी तेज थी कि एक के बाद एक घरों में आग फैलती गई. देखते ही देखते आस-पास के घरों में फैल गई, महज कुछ ही देर में7 घर जलकर राख हो गया.
इस आगजनी में लाखो की संपत्ति का नुकसान हुआ है. घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर समेत दैनिक उपयोग की सभी सामग्री आग की भेंट चढ़ गई.घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों ने बाल्टी, मोटर व अन्य संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के सामने प्रयास नाकाम साबित हुआ. घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था. वहीं, घटना की सूचना पर जनप्रतिनिधि और ओपी प्रभारी भी मौके पर पहुंचेऔर स्थिति का जायजा लिया.
उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया है. शॉर्ट सर्किट होने पर आग लगने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा व राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है.





