गिरिडीह के युवक ने लगाई गुहार : 28 मई से अबु धाबी की जेल में है बंद,परिजन मदद के लिए दर-दर भटक रहे
गिरिडीह: जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधपनियां निवासी हुलास महतो पिछले एक माह से दुबई की जेल में बंद है. उनके परिजन मदद के लिए दर-दर की ठोकर खा रहे हैं और वतन वापसी की गुहार लगा रहे हैं. हुलास महतो 28 मई से अबु धाबी की जेल में बंद हैं. हुलास महतो के परिजनों ने सरकार से न्याय की गुहार लगाई है.
बताया जा रहा है कि वे 11 मार्च 2026 को एनसीसी कंपनी में काम करने के लिए दुबई गए थे. 28 मई को गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनपुर निवासी बलदेव सिंह और तमिल युवक के साथ दुबई पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. हालांकि, बलदेव सिंह और तमिल युवक को 11 जून को दुबई पुलिस ने रिहाई के बाद मुंबई भेज दिया था.दोनों युवक अपने घर सुरक्षित लौट चुके हैं, लेकिन हुलास महतो की अब तक रिहाई नहीं हुई है.
हुलास महतो की विकलांग पत्नी धनेश्वरी देवी, बूढ़ी मां डीलेश्वरी देवी, बेटे इंद्र कुमार और बेटी बेबी कुमारी उनकी रिहाई के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मदद करने के लिए कोई सामने नहीं आया है.





