Hindi News / लोहरदगा के विकास और खेल सुविधाओं पर हुई चर्चा

सीएम से मिले धीरज साहू : लोहरदगा के विकास और खेल सुविधाओं पर हुई चर्चा

Edited By:  |
CM SE MILE DHEERAJ SAHU CM SE MILE DHEERAJ SAHU

लोहरदगा:झारखंड में आगामी समय में राज्यसभा के दो सीट पर चुनाव होना है। ऐसे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू का मुख्यमंत्री से मुलाकात राजनीतिक गलियों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

आज पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की । इस दौरान राज्य के विकास, लोहरदगा जिले की आवश्यकताओं, युवाओं के खेल विकास तथा जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान लोहरदगा के विकास को लेकर कई अहम बिंदुओं पर सकारात्मक संवाद हुआ।

पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विशेष रूप से लोहरदगा स्थित बीएस कॉलेज परिसर में मौजूद क्रिकेट मैदान को विकसित करने की मांग रखी।

उन्होंने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन बेहतर संसाधनों और आधुनिक खेल सुविधाओं के अभाव में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवा अपनी प्रतिभा को उचित मंच तक नहीं पहुंचा पाते हैं। ऐसे में यदि बीएस कॉलेज स्थित क्रिकेट मैदान को विकसित किया जाता है, तो इसका लाभ न केवल लोहरदगा बल्कि आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि खेल न केवल युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करता है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है। उन्होंने राज्य सरकार से खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ठोस पहल करने की अपेक्षा जताई।

मुलाकात के दौरान झारखंड की वर्तमान राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई। राज्य के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा विभिन्न क्षेत्रों में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोहरदगा सहित राज्य के अन्य क्षेत्रों में विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि “धीरू बाबू हमारे अभिभावक हैं। मैं इनकी हर बात का सम्मान करता हूं।” मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के वरिष्ठ नेताओं का अनुभव सरकार के लिए मार्गदर्शक होता है और उनके सुझावों को गंभीरता से लिया जाता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि लोहरदगा के विकास और खेल सुविधाओं को मजबूत करने के प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल की जाएगी।

इस अवसर पर अधिवक्ता सचिदानंद चौधरी भी मौजूद रहे। माना जा रहा है कि लोहरदगा में खेल अधोसंरचना और विकास से जुड़े मुद्दों पर आने वाले समय में कुछ महत्वपूर्ण पहल देखने को मिल सकती है।