बोकारो में रंगदारी गिरोह का खुलासा : अमन साहू और प्रिंस खान गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने के आरोप में 7 गिरफ्तार
बोकारो:जिला प्रशासन ने अमन साहू और प्रिंस खान गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. SIT की कार्रवाई में सात अपराधियों को दबोच लिया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, मोबाइल और अन्य सामान भी बरामद किया है.
बता दें कि बोकारो में पिछले कुछ दिनों से अमन साहू गैंग के राहुल दुबे और मयंक सिंह गिरोह और प्रिंस खान गिरोह का भय दिखाकर व्यवसायियों से रंगदारी मांगी जा रही थी. प्रकाश शुक्ला नाम के शख्स के जरिए अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कारोबारियों को धमकी भरे कॉल और मैसेज किए जा रहे थे.
बड़े व्यवसायियों को बनाया जाता था निशाना
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों कांडों का उद्भेदन किया और सात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में मुख्य सरगना प्रिंस कुमार गुप्ता उर्फ भाटिया शामिल है,जिस पर जिले के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, यह गिरोह व्यवसायियों का मोबाइल नंबर बड़े गिरोह तक पहुंचाया जाता था, जिसके बाद उन्हें धमकी देकर रंगदारी मांगी जाती थी.
जवाबी फायरिंग में मुख्य सरगना को लगी गोली
इसी दौरान प्रिंस गुप्ता की निशानदेही पर हथियार बरामदगी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी ने फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में प्रिंस गुप्ता के पैर में गोली लगी. जिसे बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस में प्रिंस गुप्ता के अलावे श्याम कुमार सिंह ,अजय सिंह ओमप्रकाश पाल, जैनेंद्र शुक्ला गोलू कुमार और भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार सभी अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी है.
गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि दोनों गिरोह आपस में मिले हैं, इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है, लेकिन यह देशविरोधी काम है.जिसे अंजाम दिया जा रहा है जिसकी आगे भी जांच की जाएगी.फिलहाल पुलिस गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.





