बोकारो में दो पक्षों में मारपीट : जमीन विवाद में नकाबपोश अपराधियों ने घर पर बोला हमला,कई सदस्य घायल
बोकारो:जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र स्थित डायमंड सिटी में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और घर पर हमले की बड़ी घटना सामने आई है. पंधारी यादव नाम के शख्स के घर पर दो दर्जन से अधिक नकाबपोश महिला-पुरुषों ने धावा बोलकर जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की. इस दौरान पंधारी यादव, उनकी बेटी सहित घर के कई सदस्य घायल हो गए.पूरा घटनाक्रम घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. जिसमें नकाबपोश हमलावरों को गेट तोड़कर घर में घुसते और हमला करते हुए साफ दिख रहे हैं. मामला जमीन और घर के स्वामित्व को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है.
मारपीट की सूचना के बाद 2 घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची
पीड़ित पक्ष के अनुसार,चंद्रदीप नाम के व्यक्ति अपने बेटे गोलू और साली के साथ इन नकाबपोशों को लेकर घर पहुंचा और अचानक हमला करवा दिया. मारपीट के दौरान पंधारी यादव की बेटे और बेटी ने चंद्रदीप के बेटे गोलू को पकड़कर घर के अंदर बंद कर दिया. घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन आरोप है कि पिंडराजोरा थाना पुलिस लगभग 2 घंटे बाद मौके पर पहुंची और बाद में पीड़ितों व संबंधित सभी लोगों को थाने ले गई.
जमीन और घर निर्माण के नाम पर पैसे लेने के मामले पर विवाद
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि चंद्रदीप ने उनसे जमीन और घर निर्माण के नाम पर पैसे लिए थे,लेकिन पूरा पैसा नहीं देने पर वह इस घर पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा था. इस संबंध में मामला न्यायालय में लंबित है. पीड़ितों का कहना है कि अदालत से अपने पक्ष में फैसला नहीं आने की आशंका में चंद्रदीप ने आज घर में घुसकर जबरन कब्जा करने और मारपीट की साजिश रची.
हमलावरों ने घर में मौजूद छोटे बच्चों तक को नहीं बख्शा
पीड़ित परिवार ने यह आरोप लगाया है कि हमलावरों ने घर में मौजूद छोटे बच्चों तक को नहीं बख्शा और उन्हें धक्का-मुक्की व मारपीट का निशाना बनाया. स्थानीय लोगों के अनुसार, चंद्रदीप जमीन का कारोबारी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी भूमि विवाद से जुड़े कई मामले थाने में दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज सहित पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है.





