बोकारो में चोरों के हौसले बुलंद : चोरी के बाद सबूत मिटाने के लिए दुकानों में लगाई आग
बोकारो: जिले में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए है कि अब वे चोरी के बाद सबूत मिटाने के लिए दुकानों को आग के हवाले कर दे रहे. ऐसा ही एक ताजा मामला बोकारो सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर 1/B शॉपिंग सेंटर में सामने आया है. देर रात दो चोर दुकानों का ताला तोड़कर वहां से सामान की चोरी कर फरार हो गया. कुछ ही देर बाद उसी दुकान में आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. तब तक दोनों दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थी.
लोगों ने जानकारी के अभाव में इसे शॉर्ट सर्किट का मामला माना, लेकिन सुबह जब पीड़ित दुकानदार ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पूरी सच्चाई सामने आई. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो चोर पहले ताला तोड़कर चोरी करते हैं और उसके बाद दुकान में आग लगा दिया जाता है.
सीसीटीवी फुटेज में चोरों की हरकत सामने आने के बाद पीड़ित दुकानदार ने इसकी जानकारी थाने को दी है. पीड़ित दुकानदार मुकेश कुमार ने कहा कि चोर अब सिर्फ चोरी ही नहीं कर रहे, बल्कि चोरी के बाद दुकान को ही नष्ट करने का काम कर रहे हैं. इस तरह की घटनाओं से पूरे बाजार के दुकानदारों में आक्रोश है.





